Samastipur News: बच्चों के विवाद में मारपीट, बीच-बचाव करने पहुंची बुजुर्ग महिला की मौत
Samastipur News: बिथान के भीखनोलियां गांव में बच्चों के बीच हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया, जिससे 70 वर्षीय उर्मिला देवी की मौत हो गई। मृतका बीच-बचाव के दौरान सड़क पर गिर गईं और सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव व्याप्त है।

Samastipur News: बिथान। थाना क्षेत्र के भीखनोलियां गांव में शुक्रवार को बच्चों के बीच हुए विवाद ने उस समय गंभीर रूप ले लिया जब दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची लगभग 70 वर्षीय महिला सड़क पर गिर गईं। सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान उर्मिला देवी,पति स्वर्गीय लक्ष्मी मुखिया के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। महिला की मौत की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। लोगों में घटना को लेकर आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
घटना का कारण
जानकारी के अनुसार, भीखनोलियां गांव में भूलन मुखिया और जीबछ मुखिया के परिवार के बच्चों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बच्चों के विवाद की जानकारी मिलने के बाद दोनों पक्षों के लोग मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। मृतका के परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान जीबछ मुखिया ने भूलन मुखिया के पुत्र को पकड़कर सड़क पर पटक-पटककर पीटना शुरू कर दिया। बच्चे को पिटता देख उर्मिला देवी बीच-बचाव करने पहुंचीं और बच्चे को बचाने का प्रयास करने लगीं। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार इसी दौरान जीबछ मुखिया द्वारा उर्मिला देवी को धक्का दिए जाने का आरोप है। धक्का लगने से वह सड़क पर गिर गईं और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। चोट लगने के बाद उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
ग्रामीणों की प्रतिक्रिया
उर्मिला देवी की मौत की खबर फैलते ही घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों के रोने-बिलखने से माहौल गमगीन हो गया। कुछ ही देर में आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। घटना को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया। घटना की सूचना मिलते ही बिथान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ की। बिथान थानाध्यक्ष राज किशोर राय ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, समस्तीपुर भेजा गया है। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए जीबछ मुखिया, ममता देवी (पति जीबछ मुखिया), हीरा देवी (पति राम पुकार मुखिया) और कल्पना देवी (पिता राम कुमार मुखिया) को हिरासत में लिया गया है। सभी से पूछताछ की जा रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


