Samastipur News: दो हादसों में दंपती समेत चार लोगों की मौत, दुर्घटनाग्रस्त ट्रक जब्त
Samastipur News: रोसड़ा के थाना क्षेत्र में गुरुवार और शुक्रवार को दो सड़क हादसों में दंपती सहित चार लोगों की मौत हो गई। पहला हादसा एरौत पेट्रोल पंप के पास हुआ जहां बुलेट की टक्कर से दो युवकों की मौत हो गई। दूसरा हादसा पंचवटी चौक के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने दंपती को रौंद दिया।

Samastipur News: रोसड़ा। जिले के रोसड़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार देर शाम और शुक्रवार को हुए दो सड़क हादसों में दंपती समेत चार लोगों की मौत हो गई। पहली घटना एरौत पेट्रोल पंप के पास हुई, जहां बुलेट की टक्कर से साइकिल सवार युवक और बाइक सवार युवक की मौत हो गई। दूसरी घटना पंचवटी चौक के पास हुई, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दंपती को रौंद दिया। पहला हादसा गुरुवार देर शाम एरौत स्थित पेट्रोल पंप के पास हुआ। बताया जाता है कि तेज रफ्तार बुलेट ने साइकिल सवार एरौत निवासी मनोज साह के पुत्र डब्लू कुमार (19) को टक्कर मार दी। हादसे में साइकिल सवार डब्लू कुमार और बुलेट पर सवार करियन बोरही निवासी कुमोद कमती के पुत्र विक्की कुमार की मौत हो गई। बुलेट चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर भेज दिया।
गंगा स्नान से लौट रहे दंपती को ट्रक ने रौंदा
दूसरा हादसा शुक्रवार को समस्तीपुर-रोसड़ा-बेगूसराय मुख्य पथ (एसएच-55) पर पंचवटी चौक के पास हुआ। दरभंगा जिले के बहेड़ा थाना क्षेत्र के मोहन बहेड़ा निवासी परमेश्वर मंडल के पुत्र राधेश्याम मंडल (40) अपनी पत्नी माला देवी (35) के साथ बेगूसराय के सिमरिया घाट से गंगा स्नान कर बाइक से घर लौट रहे थे। पंचवटी चौक के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर बेगूसराय की ओर फरार हो गया।
आक्रोशित लोगों ने एक घंटे तक एसएच-55 जाम कर दिया
दंपती की मौत की सूचना पर आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर एसएच-55 जाम कर दिया। करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। सूचना पर इंस्पेक्टर लालबाबू कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे और लोगों को समझाकर जाम हटवाया। रोसड़ा पुलिस की सूचना पर बेगूसराय जिले की खोदावंदपुर थाना पुलिस ने नाकेबंदी कर दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया। ट्रक को यातायात पुलिस के हवाले कर दिया गया है। दोनों हादसों में मृत चारों लोगों के शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
दोनों हादसों में कुल चार लोगों की मौत हुई है। शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। भाग रहे ट्रक को खोदावंदपुर में जब्त कर यातायात पुलिस के हवाले कर दिया गया है। परिजनों से प्राप्त आवेदन के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
-लालबाबू कुमार, इंस्पेक्टर, रोसड़ा


