ताड़ का पेड़ गिरने से साइकिल सवार अधेड़ की मौत
विद्यापतिनगर के गढ़सीसाई पंचायत के वार्ड नंबर 7 में ताड़ का पेड़ गिरने से रामचरण महतो (54) की मौत हो गई। वे साइकिल पर अपने घर लौट रहे थे, तभी पेड़ उनके ऊपर गिर गया। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है...

विद्यापतिनगर। प्रखंड के गढ़सीसाई पंचायत के वार्ड नंबर 7 में गढ़सीसाई सिमरी पथ पर शनिवार की सुबह ताड़ का पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी। मृतक की पहचान सिमरी पंचायत के वार्ड नंबर 7 निवासी स्वर्गीय मानकी महतो के पुत्र रामचरण महतो (54) के रूप में हुई। वे सिमरी पंचायत के पूर्व वार्ड सदस्य थे। घटना की जानकारी मिलते ही कई ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। घटना के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। बताया गया है कि मृतक रामचरण महतो गढ़सिसई चौक से चाय पीकर अपने घर सिमरी साइकिल से लौट रहा था तभी अचानक गढ़सिसई- सिमरी मुख्य पथ किनारे वार्ड 7 में ताड़ का पेड़ टूटकर उसके शरीर पर आ गिरा जिससे वह पेड़ के नीचे साइकिल समेत दब गया।
गिरने के दौरान उनका कमर टूट गया और सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गयी। ग्रामीणों के द्वारा बताया गया कि आज सुबह में बिजली मिस्त्री तार जोड़ने आया था जो ताड़ के पेड़ से सटा हुआ था। जिससे तार के पेड़ में आग लग गई। तार का पेड़ पहले से खोखला था जिसकी वजह से टूटकर गिरने की बात बताई जा रही है। घटना की सूचना पर विद्यापतिनगर थानाध्यक्ष सूरज कुमार, अंचलाधिकारी कुमार हर्ष एवं एसआई शक्ति सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना की जानकारी लेते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। बताया जाता है कि रामचरण महतो मजदूरी करता था और उससे जो आमदनी होती थी, उसी से अपना गुजारा करता था। उसके चार पुत्र हैं। घटना के बाद मृतक की पत्नी अलका देवी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनकी मौत पर मुखिया रतन कुमार, विजय कुमार राय, साधुशरण साह, अभिनाश भारद्वाज, आशुतोष कुमार, नरेश महतो समेत अन्य लोगों ने शोक व्यक्त किया है। साथ ही प्रशासन से पीड़ित परिजन को मुआवजा देने की मांग की है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




