फसल बचाने को बिछाए गए तार के संपर्क में आने से किसान की मौत
शाहपुर पटोरी के धमौन डीह में नीलगाय से फसलों को बचाने के लिए बिछाए गए बिजली के तार के संपर्क में आने से किसान पशुपति राय (50) की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और एफआईआर दर्ज की।

शाहपुर पटोरी। पटोरी थाना क्षेत्र के धमौन डीह स्थित राज बब्बर चौक के समीप नीलगाय से फसलों को बचाने के लिए एक खेत में बिछाए गए बिजली के तार के संपर्क में आने से एक किसान की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। मृतक किसान की पहचान धमौन डीह निवासी स्व कल्टू राय के पुत्र पशुपति राय (50) के रूप में की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार की शाम पशुपति राय अपने मवेशियों के लिए चारा लाने खेत की ओर जा रहे थे।
घटना का विवरण
इसी दौरान एक खेत में लगी फसल को नीलगाय से बचाने के लिए एक किसान द्वारा बिछाए गए बिजली के खुले तार के संपर्क में आ जाने से करंट के कारण उनकी दर्दनाक मौत हो गई। जब देर रात तक पशुपति राय अपने घर नहीं लौटे तो परिजन व ग्रामीणों ने उनकी खोज शुरू की। खोजबीन के दौरान एक खेत में उनका शव पड़ा मिला। शव के समीप बिजली का तार भी पड़ा हुआ था। करंट लगने के कारण पशुपति राय का शरीर कई स्थानों पर झुलस गया था।
ग्रामीणों का हंगामा
इस घटना के बाद परिजन व ग्रामीणों ने किसान की मौत पर मुआवजा के लिए जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों ने इसे हत्या का मामला बताते हुए देर रात तक हंगामा किया। घटना की सूचना मिलते ही पटोरी पुलिस वहां पहुंची तथा ग्रामीणों को समझाकर शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शनिवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर भेज दिया है। थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि इस मामले में मृतक के पुत्र भूषण राय ने पटोरी थाने में एफआईआर दर्ज कराया है। जिसमें भू-स्वामी तथा किसान क्रमशः ब्रजेश राय एवं दशरथ राय को नामजद अभियुक्त बनाया गया है।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


