गन्ना उद्योग को बढ़ावा देने में राज्य सरकार व विवि प्रयासरत : वीसी
दिल्ली के पूर्व राज्यपाल तेजेन्द्र खन्ना ने पूसा कृषि विवि के ईख अनुसंधान संस्थान के 94वें स्थापना दिवस पर कहा कि कृषि शोध और शिक्षा का यह केन्द्र किसानों को सशक्त कर रहा है। उन्होंने सकारात्मक शक्ति के उपयोग पर बल दिया और गन्ना उद्योग के विकास के लिए राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की।

पूसा। दिल्ली के पूर्व राज्यपाल तेजेन्द्र खन्ना ने कहा कि कृषि शोध व शिक्षा की जननी पूसा एक खास आकर्षण का केन्द्र है। इस मिटटी से जुड़े लोग अपने तकनीक व शोध से किसानों को आर्थिक व सामाजिक रूप से सशक्त कर रहे हैं। जरूरत है सकारात्मक शक्ति का उपयोग कर देश के विकास गति तेज करने की। इसमें अपने कार्य व जीवन शैली को बैलेंस करना जरूरी है। वे शुक्रवार को डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विवि के ईख अनुसंधान संस्थान के 94वें स्थापना दिवस उत्सव के मौके पर बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि यह मिट्टी निरंतर सकारात्मक उर्जा का संचार करती है।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में कुलपति डॉ. पीएस पाण्डेय ने कहा कि ईख अनुसंधान संस्थान की ऐतिहासिक गाथा है। राज्य में गन्ना उद्योग की अपार संभावनाएं है। जिसे गति देेने में सरकार व विवि लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि बीते दो वर्षो में राज्य सरकार व विवि ने गन्ना क्षेत्र के विकास में कई महत्वपूर्ण कार्य किये हैं। राज्य के ईख आयुक्त अनिल कुमार झा ने कहा कि यह एक बहुपयोगी व लाभदायक व्यवसाय है। राज्य सरकार अपने 7 निश्चय योजना के तहत पुरानी चीनी मिलों को चालू करने के साथ नई चीनी मिल खोलने की योजना पर तेजी से कार्य कर रही है। इसमें विवि के साथ केन्द्र व राज्य सरकार का सहयोग एवं पूर्ण समर्थन मिल रहा है। सेवानिवृत वैज्ञानिक डॉ. जानकी रमण सिंह ने जलजमाव समेत अन्य चुनौतियों को गिनाते हुए निदान की दिशा में पहल की अपील की। स्वागत करते हुए संस्थान के निदेशक डॉ. देवेन्द्र सिंह ने अब तक उपलब्धियों से अवगत कराते हुए कहा कि यह संस्थान अब नोडल के रूप में कार्य कर रहा है। संचालन डॉ. सुनीता कुमारी मीणा एवं धन्यवाद डीआर डॉ.अनिल कुमार सिंह ने दिया। कार्यक्रम की शुरूआत दीप प्रज्जवलन कर की गई। बाद में संस्थान के पहले निदेशक डॉ.केएल खन्ना (तेजेन्द्र खन्ना के पिता के नाम) सेमिनार हॉल का फीता काटकर उदघाटन किया। मौके पर गन्ना विकास विभाग के उपनिदेशक धर्मवीर सिंह समेत विवि डीन-डायरेक्टर, वैज्ञानिक व विभागीय अधिकारी मौजूद थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


