Samastipur News: दामाद ने चाकू से गला रेतकर ससुर को मार डाला
Samastipur News: सरायरंजन के बनघारा गांव में रविवार रात दामाद जितेंद्र दास ने चाकू से अपने ससुर विजय दास की हत्या कर दी। दोनों के बीच रिश्ते खराब थे और विजय ने अपनी बेटी को वापस घर ले लिया था। आरोपी फरार है और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

Samastipur News: सरायरंजन। मुसरीघरारी थाना क्षेत्र की रूपौली बुजुर्ग पंचायत के बनघारा गांव वार्ड 7 में रविवार रात दामाद जितेंद्र दास ने अपने ससुर विजय दास उर्फ बीजो (45) की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। परिजनों के अनुसार, विजय दास ने एक वर्ष पूर्व अपनी पुत्री की शादी उजियारपुर थाना क्षेत्र के चांदचौर बेलामेघ निवासी जितेंद्र दास के साथ की थी। शादी के बाद से ही दोनों के बीच रिश्ते अच्छी नहीं थे। इसके चलते विजय अपनी पुत्री को वापस घर ले आए थे। दो महीने पूर्व दोनों पक्षों के बीच पंचायती में यह तय हुआ था कि लड़की अब ससुराल नहीं जाएगी। आरोप है कि इसी रंजिश में जितेंद्र रविवार रात अपने साथियों के साथ ससुराल पहुंचा。
घटना के समय का विवरण
परिजनों ने बताया कि वारदात से पहले आरोपियों ने घर के बगल में स्थित बांसवाड़ी में शराब पी थी, जहां से गिलास और चखना आदि बरामद हुए हैं। रात में विजय दास अपने बथान में सोए हुए थे। पत्नी के घर चलने के आग्रह के बावजूद वे बथान में ही रुक गए। देर रात शोर सुनकर जब पत्नी पहुंची तो विजय खून से लथपथ अचेत पड़े थे और उनका गला कटा हुआ था। पत्नी ने तुरंत गले पर गमछा लपेटा लेकिन ग्रामीणों के जुटने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुलिस कार्रवाई
घटना के बाद आरोपी दामाद जितेंद्र दास मौके से फरार हो गया। पुलिस की टीम आरोपी के घर पहुंची तो वहां सभी परिजन घर छोड़कर फरार मिले। पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
हत्याकांड की जांच
उजियारपुर थाना क्षेत्र के बेलामेघ चांदचौर निवासी आरोपी दामाद जितेंद्र दास ने अपने ससुर की गला रेतकर हत्या की है। उसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन कर विभिन्न ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। हत्याकांड की सभी बिंदुओं से जांच जारी है।
-संजय कुमार पाण्डेय, सदर एसडीपीओ-1 सह एएसपी


