आसमान से बरस रही आग, दोरस मौसम बना रहा बीमार
मधुबनी जिले में मौसम का मिजाज हर दिन बदल रहा है। सोमवार को तेज हवा और बारिश हुई, जबकि मंगलवार को उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया। अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ गई है, खासकर बच्चों और बुजुर्गों को अधिक परेशानी हो रही है। मौसम विभाग ने अगले दिनों में गर्मी जारी रहने का अनुमान जताया है।

मधुबनी। जिले में मौसम का हरदिन मिजाज बदल रहा है। सोमवार देर शाम तेज हवा के साथ झमाझम बारिश हुई। मंगलवार दिनभर तेज धूप के साथ उमसभरी गर्मी। लोग मौसम के मिजाज को समझ नहीं पा रहे हैं। तेज धूप एवं उमस ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। गर्मी के कारण लोग बीमार होने लगे है। इससे अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। बच्चे, बीमार और बुजुर्गों को इस भीषण गर्मी में ज्यादा परेशानी हो रही है।
मौसम विभाग की भविष्यवाणी
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक गर्मी बने रहने का अनुमान है। भीषण गर्मी से आम जनजीवन के साथ पशु पक्षी भी बेहाल दिख रहे हैं। जिले में उमसभरी भीषण गर्मी ने सभी जीव जंतु की परेशानी बढ़ा दी है। सुबह होते ही कड़ी घूप से लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। मंगलवार को अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि गर्मी 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक महसूस हो रहा था। मौसम विभाग द्वारा 10 से 14 जून तक के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार पूर्वानुमान अवधि के अधिकांश समय आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। 11 से 13 जून के आस-पास वर्षा के समय मेघगर्जन तथा तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। विशेष रूप से 11 से 13 जून के दौरान ऐसी मौसमीय गतिविधियों की अधिक संभावना है। मधुबनी जिले में 11 एवं12 जून को 65-70 मिमी तक भारी वर्षा होने की आशंका है। अन्य जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा होने का अनुमान है। इस अवधि में अधिकतम तापमान 35 से 39 डिग्री के बीच रहने की संभावना है, जो सामान्य से लगभग 2-3 डिग्री अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 25 से 28 डिग्री के बीच रह सकता है। सुबह में सापेक्ष आर्द्रता 70-75 प्रतिशत तथा दोपहर में सापेक्ष आर्द्रता 20-25 प्रतिशत रहने की संभावना है। हवा मुख्यत: पूर्वी दिशा से 15-19 किमी प्रति घंटा की गति से चल सकती है।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


