हाईवा व ट्रैक्टर की आमने सामने की टक्कर में ट्रैक्टर के उड़े परखच्चे
शाहपुर पटोरी में बख्तियारपुर-ताजपुर निर्माणाधीन फोरलेन सड़क पर शुक्रवार को हाईवा और ट्रैक्टर के बीच भयंकर टक्कर हुई। इस हादसे में ट्रैक्टर चालक अनुज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज अनुमंडलीय अस्पताल पटोरी में चल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर वाहनों का बेतरतीब चलना दुर्घटनाओं का कारण बन रहा है।

शाहपुर पटोरी। बख्तियारपुर-ताजपुर निर्माणाधीन फोरलेन सड़क पर पटोरी प्रखंड के चकरमन गांव में हाईवा एवं ट्रैक्टर के बीच शुक्रवार की शाम भीषण टक्कर हो गई। इस घटना में ट्रैक्टर के परखच्चे उड़ गए तथा ट्रैक्टर का चालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जिसकी चिकित्सा अनुमंडलीय अस्पताल पटोरी में की जा रही है। घायल ट्रैक्टर ड्राइवर की पहचान पटोरी प्रखंड के शाहपुर उंडी निवासी अनुज कुमार के रूप में की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार हाईवा निर्माणाधीन बख्तियारपुर ताजपुर फोरलेन सड़क निर्माण में मिट्टी-बालू भरने के कार्य में लगा हुआ था। शुक्रवार की शाम मिट्टी - बालू लादकर हाईवा निर्माणाधीन फोरलेन पर दरवा गांव की ओर से शाहपुर उंडी की ओर गलत लेन में तीव्र गति से आ रहा था।
इसी दौरान दक्षिण से उत्तर की दिशा में सही लेन पर जा रहे एक ट्रैक्टर में हाईवा ने जोरदार टक्कर मार दी। इससे ट्रैक्टर के परखच्चे उड़ गए और उसके कई टुकड़े हो गए। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण व खेतों में काम कर रहे किसान मौके पर पहुंचकर घायल चालक को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। ग्रामीणों के अनुसार निर्माणाधीन बख्तियारपुर-ताजपुर फोरलेन सड़क में लगा हाईवा तथा अन्य छोटे-बड़े वाहन सड़क पर बेतरतीब तरीके से वाहन चलाते हैं, इसके कारण आसपास के किसान एवं अन्य लोगों के समक्ष दुर्घटना की संभावना बनी रहती है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



