पुलिस लाइन परिसर में स्कूल खोलने की कवायद तेज

Jan 09, 2026 12:11 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, समस्तीपुर
share Share
Follow Us on

समस्तीपुर पुलिस लाइन में स्कूल खोलने की तैयारियां तेज हो गई हैं। गृहमंत्री की घोषणा के बाद पुलिस ने रिपोर्ट तैयार की है। विभाग का लक्ष्य जल्द से जल्द स्कूल शुरू करना है ताकि पुलिसकर्मियों के बच्चों को बेहतर शिक्षा मिल सके। साथ ही, श्वान दस्ता भवन तैयार है, लेकिन प्रशिक्षित कुत्ते नहीं आए हैं।

पुलिस लाइन परिसर में स्कूल खोलने की कवायद तेज

समस्तीपुर। पुलिस लाइन परिसर के भीतर स्कूल खोले जाने को लेकर कवायद तेज हो गई है। गृहमंत्री सम्राट चौधरी की घोषणा के बाद समस्तीपुर पुलिस भी इसकी तैयारी में जुट गयी है। इस संबंध में पुलिस कार्यालय से रिपोर्ट बनाकर मुख्यालय को भेज दी गयी है। इससे पहले पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी आदेश में कहा गया था जिस पुलिस लाइन में स्कूल खोलने के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध है, उनकी सूची तुरंत उपलब्ध कराई जाए। विभाग का लक्ष्य है कि जल्द से जल्द उन स्थानों को चिह्नित कर लिया जाए जहां भवन निर्माण या खाली पड़े कमरों का उपयोग स्कूल के रूप में किया जा सके।

विभाग द्वारा इसके क्रियान्वयन को लेकर प्लान-बी पर भी काम शुरू किया है। एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने इस संबंध में लाइन डीएसपी से मंतव्य मांगा था। मंतव्य के आधार पर रिपोर्ट बनाकर मुख्यालय को भेजी गयी है। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि क्षेत्र में कितने बच्चे हैं और स्कूल खुलने से कितने परिवारों को सीधा लाभ पहुंचेगा। इस संबंध में एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिसकर्मियों की ड्यूटी काफी कठिन होती है, ऐसे में उनके बच्चों की शिक्षा प्रभावित न हो, इसके लिए पुलिस लाइन में ही बेहतर शिक्षा की व्यवस्था की जाएगी। इसी घोषणा को जमीन पर उतारने के लिए पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर काम शुरू कर दिया गया है। आने वाले दिनों में भवन निर्माण का काम शुरू होगा। श्वान भवन तैयार लेकिन अब तक नहीं आये प्रशिक्षित कुत्ते : पुलिस लाइन में लाखों रुपये की लागत से निर्मित श्वान दस्ता भवन तैयार कराया गया है। जिसका मकसद जिले में होने वाली आपराधिक वारदातों के बाद त्वरित जांच के लिए प्रशिक्षित श्वान को घटनास्थल पर भेजे जाने का था, लेकिन प्रशासनिक सुस्ती की वजह से अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस श्वास भवन में रहने के लिए प्रशिक्षित कुत्तों को नहीं लाया गया है। लेटलतीफी की वजह से स्थानीय पुलिस को अनुसंधान में परेशानी का सामना करना पड़ता है। पुलिस लाइन में बन चुके श्वान भवन में कुत्ते व उनके प्रशिक्षक सहित पुलिस कर्मी के रहने के लिए कमरे की व्यवस्था है। इसके अलावा कर्मी व कुत्ते के भोजन के लिए कीचन व वाकिंग के लिए की भी सुविधा है। श्वान के लिए भवन में बाथरूम, सीढ़ी व रैंप भी बनाये गये हैं। लेकिन अब तक यहां श्वान नहीं आया है। अभी पुलिस जवान का है आशियाना : पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस लाइन में श्वान दस्ता के लिए बने मकान को श्वान नहीं रहने के कारण स्वाभिमान बटालियन जवानों के जिम्मे डाल दिया गया है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।