चैन स्नैचिंग करने वाले नेपाल व मोतिहारी के 7 शातिर गिरफ्तार
समस्तीपुर के नगर थाने की पुलिस ने महाशिवरात्रि पर थानेश्वर स्थान मंदिर से चेन स्नैचिंग करने वाले गिरोह के सात सदस्यों को मोतिहारी के पिपराकोठी से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार बदमाशों में तीन नेपाल के और चार मोतिहारी के हैं। पुलिस ने उनके पास से एक सोने का चेन बरामद किया है।

समस्तीपुर | नगर थाने की पुलिस ने महाशिवरात्रि पर थानेश्वर स्थान मंदिर से चेन स्नैचिंग करने वाले गिरोह के सात सदस्यों को मोतिहारी के पिपराकोठी से गिरफ्तारी किया है। इसमें कुछ अंतरराष्ट्रीय गैंग से भी जुड़े है। गिरफ्तार बदमाशों में तीन बदमाश नेपाल के रहने वाले हैं, वहीं चार बदमाश मोतिहारी के रहने वाले हैं। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान नेपाल देश के पारसा जिले के पोखरिया थाना के सबेत्रुआ गांव के बैधनाथ राय का पुत्र ढ़ेरी राय, भुलसी राय का पुत्र सुनील राय, मोटर राय का पुत्र हरिशंकर राय और मोतिहारी जिले के भेलाही थाना के आनंद सागर गांव का रामदेव राय का पुत्र मुकेश कुमार के अलावे इसी थाना क्षेत्र के आनंदगठ बेलम गांव का माधव पटेल का पुत्र मिट्ठू पटेल, पिपरिया का विश्वनाथ राय का पुत्र ब्रह्मदेव राय के अलावा पलनतर थाना के बबुईया गांव का हसमुद्दीन गद्दी शामिल है।
पुलिस ने गैंग के सदस्यों को मोतिहारी के पिपराकोठी में एक ढाबे से उस समय गिरफ्तार किया जब वह सभी समस्तीपुर में घटना को अंजाम देने के बाद रास्ते में रूक कर खाना खा रहे थे। हालांकि इस दौरान गिरोह का मुख्य सरगना जिसके पास स्नेचिंग का सभी आभूषण था वह मौके से फरार हो गया। धराये बदमाशों में से एक के जेब से करीब 10 ग्राम का एक सोने का चेन बरामद किया। वहीं ढाबे के बाहर से एक स्काॅर्पियो भी पुलिस ने बरामद की है। बता दें रविवार को थानेश्वर स्थान मंदिर में महाशिवरात्रि के दौरान जलाभिषेक करने के दौरान आधे दर्जन से अधिक महिलाओं के गले से चेन, मंगलसूत्र समेत अन्य आभूषणों की स्नेचिंग कर ली गयी थी। इसी दौरान एक महिला के गले से सोने का चेन स्नैचिंग के दौरान गैंग का एक सदस्य पुलिस के हत्थे चढ़ गया था। पुलिस ने छानबीन करते हुए उससे गहन पूछताछ की। उसने पुलिस को बताया कि छीनतई की गई चेन उसके साथियों के पास है। उसने बताया कि उसके सभी साथी वापस जाने के लिए निकल गए होंगे। टीम त्वरित रूप से सक्रिय हो गई। पुलिस के द्वारा जाल बिछाया गया और बदमाशों के पीछे पुलिस की टीम भी लग गई। सभी यहां से निकलकर मोतिहारी के पिपराकोठी में एक लाइन होटल पर रूके। पुलिस टीम भी सभी का पीछा करती हुई मौके पर पहुंची। टीम ने स्कार्पियो समेत सभी को कब्जे में लेकर थाना ले आयी। जहां सभी से गहन पूछताछ की गई। इस दौरान महाशिवरात्रि के दौरान काशीपुर निवासी चंद्रबली राय की पत्नी अश्वमेध देवी से छिनतई की गई सोने के चेन की बरामदगी हुई। इस संबंध में थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों के पास से एक चेन बरामद की गयी है। फरार मुख्य सरगना व आभूषणों की बरामदगी को लेकर छापेमारी चल रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




