लूटपाट के दूसरे दिन बाजार में पसरा रहा सन्नाटा, डीआईजी ने की जांच
खानपुर के श्रीपुर गाहर चौक स्थित प्रियंका ज्वेलर्स में एक करोड़ रुपये की लूट हुई। घटना के बाद पुलिस अब तक बदमाशों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। डीआईजी मनोज कुमार तिवारी ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और विशेष टीम का गठन किया। दुकानदारों में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की जा रही है।

खानपुर। थाना क्षेत्र के श्रीपुर गाहर चौक स्थित बजरंगबली मंदिर के पास प्रियंका ज्वेलर्स में हुई एक करोड़ रुपये की लूट की घटना के बाद दूसरे दिन का बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। घटना के 24 घंटे बीत जाने के बावजूद पुलिस ना तो बदमाशों को गिरफ्तार कर सकी है और ना ही लूटी गई नगदी व जेवरात को बरामद करने में सफलता पाई है। घटना के बाद से ही बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दर-दर खाक छान रही है। पुलिस सीसीटीवी कैमरे का फुटेज भी निकाला है। लेकिन बदमाशों की पहचान नहीं हो सकी है। फॉरेंसिक टीम भी हर एक बिंदुओं पर जांच कर रही है।
इधर शनिवार की दोपहर मिथिला क्षेत्र के डीआईजी मनोज कुमार तिवारी भी घटना स्थल पर पहुंचे। उनके साथ पुलिस कप्तान अरविंद कुमार सिंह भी मौजूद थे। डीआईजी ने प्रियंका ज्वेलर्स दुकान के मालिक से घटना की पूरी जानकारी ली। इस दौरान घटनास्थल का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। डीआईजी ने कहा है कि बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन कर दिया गया है। पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। शीघ्र ही मामले का खुलासा कर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बता दें कि शुक्रवार को दिनदहाड़े बाइक सवार तीन बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर प्रियंका ज्वेलर्स में लूट की घटना को अंजाम दिया था। इस दौरान एक करोड़ रुपये मूल्य के आभूषण बदमाशों ने लूट लिए। घटना के बाद से ही कई थानों की पुलिस क्षेत्र में लगातार गश्त और छापेमारी कर रही है। बावजूद बदमाशों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। थानाध्यक्ष शिव पूजन ने बताया कि वैज्ञानिक तरीके से घटना की जांच की जा रही है। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीम द्वारा छापेमारी की जा रही है। बदमाशों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बदमाशों की गिरफ्तारी नहीं होने से दुकानदारों में दहशत दिनदहाड़े हुई लूटपाट के बाद स्थानीय दुकानदारों में भय व दहशत का माहौल व्याप्त है। घटना के बाद से ही प्रियंका ज्वेलर्स के सामने की कई दुकानें शनिवार को भी बंद रही। स्थानीय व्यवसायियों का बताना है कि शुक्रवार दिनदहाड़े बदमाशों ने लूटपाट की घटना को इस तरह अंजाम दिया कि लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही बदमाश फायरिंग करते हुए फरार हो गए। इस चौक के दुकानदारों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज मिलने के बावजूद अब तक बदमाशों की पहचान नहीं हो सकी है। ना ही बदमाशों की गिरफ्तारी की गई है। जब सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध है, तब भी बदमाशों की पहचान नहीं हो पा रही है। तो इससे बदमाशों के हौसले और बुलंद होंगे। चौक के व्यवसायियों ने लूटपाट करने वाले बदमाशों की गिरफ्तारी एवं बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग पुलिस प्रशासन से की है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




