42 हजार रिश्वत लेते राजस्व कर्मचारी का वीडियो वायरल

हिन्दुस्तान, समस्तीपुर
Follow us on Google News
share

सरायरंजन अंचल कार्यालय में एक राजस्व कर्मचारी पर रिश्वत लेने का आरोप लगा है। आरोपी कर्मचारी का एक वीडियो वायरल हो रहा है। पीड़ित युवक ने 50 हजार रुपये की मांग का आरोप लगाया है और 42 हजार रुपये दिए हैं, लेकिन आवेदन रद्द कर दिया गया है।

42 हजार रिश्वत लेते राजस्व कर्मचारी का वीडियो वायरल

सरायरंजन। सरायरंजन अंचल कार्यालय में कार्यरत एक राजस्व कर्मचारी पर दाखिल-खारिज के नाम पर रिश्वत लेने का आरोप लगा है। मामले से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कर्मचारी को कथित तौर पर रिश्वत लेते हुए दिखाया गया है। हालांकि, वायरल वीडियो का हिन्दुस्तान अखबार पुष्टि नहीं करता है। पीड़ित युवक ने मामले में डीएम और डीसीएलआर से न्याय की गुहार लगाई है। आरोप लगाने वाले युवक का कहना है कि सात माह पूर्व दिए गए दाखिल-खारिज आवेदन पर कार्रवाई कराने के लिए उससे 50 हजार रुपये की मांग की गई थी। उसने 42 हजार रुपये देने का दावा किया है। वहीं, अंचलाधिकारी ने वायरल वीडियो को निराधार बताते हुए जांच की बात कही है। पीड़ित युवक की पहचान वरुणा रसलपुर निवासी हरीश कुमार सहनी के रूप में हुई है। हरीश ने बताया कि उन्होंने करीब सात महीने पहले अपनी जमीन के दाखिल-खारिज के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। तीन महीने बीतने के बाद भी जब काम नहीं हुआ, तो उन्होंने राजस्व कर्मचारी राम जयपाल यादव से संपर्क किया। पीड़ित का आरोप है कि राजस्व कर्मचारी ने काम के बदले 50 हजार रुपये की मांग की। इस दौरान कर्मचारी ने पीड़ित से करीब 12 से 13 बार मछली की दावत भी उड़ाई।

रुपये लेने के बाद भी आवेदन किया रद्द, मिल रही धमकी

पीड़ित हरीश के अनुसार, उन्होंने भारी दबाव में आकर राजस्व कर्मचारी राम जयपाल यादव को बतौर रिश्वत 42 हजार रुपये नकद थमा दिए, जिसका उन्होंने वीडियो बना लिया। इसके बावजूद उनका आवेदन रद्द कर दिया गया। जब उन्होंने इसका कारण पूछा, तो उन्हें बताया गया कि 8 हजार रुपये कम मिलने के कारण आवेदन रद्द किया गया है। पीड़ित का कहना है कि उच्च अधिकारियों से शिकायत के बाद भी अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है, बल्कि उल्टा उन्हें आवेदन वापस लेने के लिए तरह-तरह की धमकियां दी जा रही हैं। परेशान होकर उन्होंने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की जानकारी मुझे मिली है

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की जानकारी मुझे मिली है। कर्मचारी पर लगाए गए सभी आरोप पूरी तरह निराधार हैं। इस मामले में विस्तृत जांच और अग्रेतर कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को पत्र लिखा जाएगा।

-निशांत कुमार, अंचलाधिकारी, सरायरंजन

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

ये रिश्वत का मामला किस कार्यालय से संबंधित है?
ये रिश्वत का मामला सरायरंजन अंचल कार्यालय से संबंधित है।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।