मांगों को ले भाकपा माले ने जुलूस निकाल की सभा

Jan 10, 2026 11:52 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, समस्तीपुर
share

ताजपुर में भाकपा माले कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकाला और पुलिस की कार्यवाही के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने एक ज्वेलरी दुकान में चोरी और पुलिस द्वारा कस्टडी में रखे जाने के मामलों की उच्च स्तरीय जांच की मांग की। माले नेता ने चेतावनी दी कि यदि मांगें नहीं मानी गईं, तो 24 जनवरी को सीएम के समक्ष प्रदर्शन किया जाएगा।

मांगों को ले भाकपा माले ने जुलूस निकाल की सभा

ताजपुर। ताजपुर में भाकपा माले कार्यकर्ताओं ने झंडे, बैनर एवं नारे लिखे तख्तियों के साथ बाजार क्षेत्र में जुलूस निकाला। जुलूस के उपरांत हॉस्पिटल चौक पर प्रदर्शन के बाद सभा की गई। सभा की अध्यक्षता माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने की। अपने संबोधन में उन्होंने ताजपुर बाजार के एक ज्वेलरी दुकान में भीषण चोरी के उद्भेदन में शिथिलता बरतने, इसी घटना में दुकान के कथित स्टॉफ मनीष पोद्दार को ताजपुर पुलिस द्वारा चार दिनों तक कस्टडी में रखकर थर्ड डिग्री टार्चर करने के बाद मुक्त करने, अंचल के एक राजस्व कर्मचारी रॉबिन ज्योति द्वारा रुपये लेते हुए वीडियो वायरल होने, बंगरा थाना के बहादुरनगर रहीमबाद में जहरीले पेय पदार्थ के सेवन से पिता-पुत्र की मौत आदि मामलों की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की।

भाकपा माले जिला कमेटी सदस्य सह खेग्रामस के जिला सचिव जीबछ पासवान ने आरोप लगाते हुए कहा कि तथाकथित सुशासन की सरकार में पुलिस बेलगाम है। ताजपुर पुलिस संदेह के आधार पर दुकान कर्मी, उसकी पत्नी एवं पिता को उठाकर हाजत में बंद कर देती है। उन्हें बेतहाशा पीटा जाता है। कानून को ताक पर रख कर 5 दिनों तक हाजत में रखा जाता है। बेहोश होने पर इलाज कराया जाता है। पुलिस की यह कार्रवाई मानवता को शर्मशार करने वाली कार्रवाई है। इस घिनौनी कार्रवाई के आरोपी पुलिसकर्मी एवं पदाधिकारी को बर्खास्त किये जाने तक भाकपा माले का आंदोलन जारी रहेगा। जिला कमेटी सदस्य सह खेग्रामस के जिलाध्यक्ष उपेंद्र राय ने कहा कि ताजपुर अंचल के राजस्व कर्मचारी रॉबिन ज्योति द्वारा घूस लेते हुए विडियो वायरल हुआ। इस पर कार्रवाई होनी चाहिए लेकिन उल्टे इन्हें बचाया जा रहा है। यह अन्याय है और इस अन्याय के खिलाफ भाकपा माले जिलाधिकारी के समक्ष धरना-प्रदर्शन करेगी। सभा को भाकपा माले नेता आसिफ होदा, राजदेव प्रसाद सिंह, शंकर महतो, संजीव राय, मो. एजाज, चांद बाबू, मो. नौशाद, मो. शाद, सुनील कुमार शर्मा, मनोज साह, दिनेश प्रसाद सिंह, महावीर सिंह, मो. शकील, रॉकी खान आदि ने संबोधित किया। अपने अध्यक्षीय संबोधन में माले सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि यदि मांग पूरी नहीं की गई तो आगामी 24 जनवरी को सीएम के कर्पूरीग्राम आगमन पर भाकपा माले उनके समक्ष इन मांगों को लेकर प्रदर्शन करेगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।