Hindi NewsBihar NewsSamastipur NewsProtests Erupt After Youth Murder in Bangra Family Demands Justice
कोठिया में चाकू मारकर युवक की हत्या के विरोध में सड़क जाम

कोठिया में चाकू मारकर युवक की हत्या के विरोध में सड़क जाम

संक्षेप:

ताजपुर के बंगरा थाना क्षेत्र में चाकू से हत्या के विरोध में परिजनों और ग्रामीणों ने मंगलवार को कोठिया में शव के साथ राजधानी रोड को जाम कर दिया। वे हत्यारे की गिरफ्तारी और मृतक के परिवार को मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। स्थानीय नेताओं के हस्तक्षेप के बाद जाम हटाया गया।

Nov 11, 2025 11:03 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, समस्तीपुर
share Share
Follow Us on

ताजपुर, निसं। बंगरा थाना क्षेत्र में चाकू मारकर युवक की हत्या के विरोध में आक्रोशित परिजन एवं ग्रामीण मंगलवार को थाना क्षेत्र के कोठिया में मृतक के शव के साथ राजधानी रोड को जाम कर हंगामा किया। जाम के कारण ताजपुर पटना मार्ग पर देर तक यातायात बाधित रहा। जाम स्थल पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई। आक्रोशित परिजन एवं ग्रामीण हत्यारे की जल्द गिरफ्तारी एवं उसे जेल भेजने साथ ही मृतक के आश्रित परिवार को पर्याप्त मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। साथ ही जिला से वरीय पदाधिकारी को बुलाने की मांग पर डटे थे। जाम की सूचना पर बंगरा, ताजपुर थाना की पुलिस के पहुंचने व समझाने की लाख कोशिश करने के बाद भी लोग मानने को तैयार नहीं थे।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

लोगों का कहना था कि हत्यारे की गिरफ्तारी तक जाम खाली नहीं होगा। अंत में स्थानीय मुखिया धर्मेंद्र कुमार, बबलू सिंह, मुफ्फसिल इंस्पेक्टर संदीप कुमार, बंगरा थानाध्यक्ष पंचम कुमार, ताजपुर थानाध्यक्ष शंकर शरण दास के साथ अन्य गणमान्य लोगों के हस्तक्षेप व परिजनों से वार्ता एवं जल्द कार्रवाई के आश्वासन के बाद मृतक के परिजन जाम खाली कर शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाने को राजी हुए। जाम के कारण लगभग कई घंटे तक यातायात बाधित रहा। मालूम हो कि बंगरा थाना क्षेत्र के कोठिया पंचायत के ददरी गांव में सोमवार की देर शाम एक ताड़ी दुकान में विवाद के दौरान एक युवक ने गांव के ही अमन कुमार नामक युवक को चाकू से प्रहार कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया था। जिससे युवक की मौत घटना के कुछ देर बाद ही हो गई। युवक की हत्या से उसका परिवार सदमे में है। थानाध्यक्ष पंचम कुमार ने बताया कि घटना को लेकर मृतक के पिता मिथिलेश सिंह के द्वारा आवेदन दिया गया है। जिसमें दो लोगों को आरोपित किया गया है। जिसमें से एक को गिरफ्तार कर लिया गया है। दूसरे की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।