
कर्मचारी संगठन व प्रशासन एक-दूसरे के पूरक: डीआरएम
समस्तीपुर मंडल मुख्यालय में डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्र की अध्यक्षता में स्थायी वार्ता तंत्र की बैठक हुई। इसमें कर्मचारियों और रेल प्रशासन के बीच कई मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा हुई, जिससे आपसी सहमति बनी। डीआरएम ने कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान और उनके कल्याण के लिए प्रशासन की प्रतिबद्धता जताई।
समस्तीपुर, हिसं। समस्तीपुर मंडल मुख्यालय स्थित मंथन सभागार में स्थायी वार्ता तंत्र की बैठक डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्र की अध्यक्षता में हुई। इसमें मंडल के मान्यता प्राप्त कर्मचारी यूनियन इसीआरइयू के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान रेल प्रशासन व कर्मचारी संगठन के प्रतिनिधियों के बीच कई गंभीर मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा हुई। इस दौरान दोनों ओर से सहयोगात्मक माहौल होने के कारण अधिकांश मुद्दे पर आपसी सहमति बनी। जबकि शेष मुद्दों का शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया। बैठक में मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्र, अपर मंडल रेल प्रबंधक सनी सिन्हा, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी विवेक कुमार सहित मंडल के सभी शाखा अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुये डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्र ने कहा कि रेल मंडल में कार्यरत कर्मचारी हमारी सबसे बड़ी पूजी हैं। कर्मचारी संगठन व रेल प्रशासन एक दूसरे के पूरक हैं। मंडल प्रशासन कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान एवं उनके कल्याण के लिये कृतसंकल्पित है। उन्होंने कहा कि भविष्य में पुन: स्थायी वार्ता तंत्र जैसी बैठक आयोजित कर संवाद को और सुदृढ़ किया जायेगा। ताकि आपसी सहयोग से मंडल का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके। अंत में डीआरएम ने कहा कि कर्मचारियों का कल्याण, उनकी समस्याओं का समाधान व बेहतर कार्य करने का माहौल उपलब्ध कराना रेल प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




