नाबालिगों ने लड़की से मिलने के बहाने बुलाकर युवक की गला रेतकर की थी हत्या

Apr 06, 2026 11:01 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, समस्तीपुर
share

समस्तीपुर में 19 वर्षीय युवक राकेश कुमार की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने पांच नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी उम्र 15 वर्ष से कम है। हत्या का कारण प्रेम संबंधों का विरोध बताया गया है। आरोपियों ने राकेश को मिलने के बहाने बुलाकर उसकी हत्या की और शव को झाड़ियों में छिपा दिया।

नाबालिगों ने लड़की से मिलने के बहाने बुलाकर युवक की गला रेतकर की थी हत्या

समस्तीपुर | हसनपुर थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय युवक की निर्मम हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने पांच नाबालिग आरोपियों को विधि विरुद्ध किया है। सभी आरोपियों की उम्र 15 वर्ष से कम बताई जा रही है। हत्या का कारण प्रेम प्रसंग और उसका विरोध बताया गया है। सोमवार को एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि हसनपुर थाना क्षेत्र के मरांची मल्हीपुर वार्ड-9 निवासी शंकर साह के 19 वर्षीय पुत्र राकेश कुमार का शव कुछ दिन पहले बागमती नदी किनारे बाईपास स्थित झाड़ियों से बरामद किया गया था।

अपराधियों ने युवक का गला रेतकर धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी थी। घटनास्थल से पुलिस ने एक मोटरसाइकिल और खून से सना कपड़ा बरामद किया था। इसके बाद एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से जांच की। मृतक के परिजनों के आवेदन पर हसनपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। एसपी ने बताया कि तकनीकी अनुसंधान और मोबाइल कॉल डिटेल के विश्लेषण से पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। जांच के दौरान यह सामने आया कि राकेश कुमार का पड़ोसी गांव की एक लड़की से प्रेम संबंध था, जिसका कुछ स्थानीय नाबालिग लड़के विरोध कर रहे थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने राकेश को लड़की से मिलने के बहाने बुलाया और पहले से बनाई गई योजना के तहत धारदार चाकू से उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद शव को झाड़ियों में छिपा दिया गया था। पूछताछ में नाबालिग आरोपियों ने बताया कि वे राकेश के प्रेम संबंध से नाराज थे और पहले भी उसे मना कर चुके थे। विरोध के बावजूद जब वह नहीं माना तो बदला लेने की नीयत से हत्या की साजिश रची गई। इधर पूछताछ के बाद सभी नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।