बाजार समिति गेट पर ट्रक से 3564 लीटर बीयर बरामद
वारिसनगर में शराब तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत मथुरापुर थाना पुलिस ने एक ट्रक से 3564 लीटर विदेशी बीयर बरामद की। गिरफ्तार चालक मो. इरशाद पर पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क के सुराग मिले हैं।

वारिसनगर। शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मथुरापुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मद्य निषेध विभाग पटना से मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कृषि बाजार समिति गेट के पास छापेमारी कर एक ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी बीयर बरामद किया है। पुलिस ने ट्रक को जब्त करते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया। बरामद शराब करीब 3564 लीटर सिक्किम निर्मित बीयर बताई जा रही है। गिरफ्तार चालक की पहचान वैशाली जिले के हथीसार गंज पठान टोली निवासी मो. इरशाद के रूप में हुई है।
पुलिस कार्रवाई
जानकारी के अनुसार मथुरापुर थानाध्यक्ष राहुल कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बुधवार देर रात कृषि बाजार समिति गेट के समीप नाकेबंदी कर वाहनों की सघन जांच शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक में कार्टूनों में छिपाकर रखी गई बड़ी मात्रा में केन बीयर बरामद हुई। पुलिस को देखते ही चालक ट्रक लेकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही दबोच लिया। इसके बाद ट्रक समेत शराब को जब्त कर थाना लाया गया।
जांच और कार्रवाई
थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क से जुड़े अहम सुराग मिले हैं। शराब किसकी थी, किसके कहने पर लाई जा रही थी और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं, इसकी जानकारी पुलिस को मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी। इस बड़ी कार्रवाई के बाद इलाके में शराब तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है। पुलिस गिरफ्तार चालक से पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुटी है। पूछताछ के बाद चालक को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


