
चार जगहों पर ज्वेलर्स दुकान में हुई चोरी का किया खुलासा
कल्याणपुर में रामभद्रपुर स्टेशन के पास गुलगुलिया समुदाय के लोगों के टेंट में छापेमारी की गई। एक युवक गिरवर को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से देसी कट्टा, कारतूस और चांदी का जेवर बरामद हुआ। गिरवर ने दो ज्वेलर्स की दुकानों में चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
कल्याणपुर। थाना क्षेत्र अंतर्गत रामभद्रपुर स्टेशन के समीप एक आम के बगीचा में उत्तर प्रदेश के गुलगुलिया समुदाय के लोग टेंट लगाकर करीब 6 महीना से रह रहे थे। इसमें से कई लोग दरभंगा में चोरी की घटना को अंजाम देने के लिए गये थे जहां असफल होने पर दरभंगा पुलिस ने एक को पकड़ लिया। उसके आधार पर दरभंगा पुलिस और कल्याणपुर पुलिस ने रामभद्रपुर के आम के बगीचा में रह रहे गुलगुलिया समुदाय के लोगों के यहां छापेमारी शुरू की। लेकिन पुलिस को देखकर गुलगुलिया समुदाय के लोग भाग निकले। इसी दौरान पुलिस ने रामभद्रपुर से ही उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिला के निगोही थाना क्षेत्र के बलरामपुर गांव के तिलक सिंह उर्फ तिलकराम के पुत्र गिरवर को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा, चार जिंदा कारतूस और करीब 500 ग्राम चांदी का नया पुराना जेवर बरामद किया गया। वहीं पुलिस ने जब हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ की तो उसने मधुरापुर टारा चौक पर हुई दो ज्वेलर्स की दुकान और खजूरी चौक पर हुई दो ज्वेलर्स की दुकान में चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। वहीं पुलिस ने बताया कि गुलगुलिया समुदाय की करीब दो दर्जन महिला दरभंगा मधुबनी और समस्तीपुर के ज्वेलर्स की दुकानों में पहले से रेकी करती थी इसके बाद उसके लोग ज्वेलर्स दुकान में चोरी की घटना को अंजाम देते थे। उधर, पुलिस ने कार्रवाई करते हुये रामभद्रपुर स्टेशन के समीप एक बगीचा में गुलगुलिया समुदाय के डेरा को क्षतिग्रस्त कर हटवा दिया। वहीं अपर थानाध्यक्ष दीपक कुमार झा ने बताया कि गिरफ्तार युवक के विरुद्ध मामला दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई के लिए उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। अन्य सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिये पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




