पुलिस टीम पर रोड़ेबाजी व सरकारी काम में बाधा डालने की प्राथमिकी दर्ज

Mar 02, 2026 12:08 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, समस्तीपुर
share

मोहिउद्दीननगर के डुमैनी गांव में पुलिस टीम पर हमला हुआ। शराब निर्माता ओम प्रकाश पासवान को गिरफ्तार करने के दौरान करीब दो दर्जन असामाजिक तत्वों ने पुलिस पर हमला किया। इस हिंसक घटना में दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।

पुलिस टीम पर रोड़ेबाजी व सरकारी काम में बाधा डालने की प्राथमिकी दर्ज

मोहिउद्दीननगर। थाना क्षेत्र के डुमैनी गांव में पुलिस टीम पर हमला कर शराब निर्माता व उसके बिक्री के आरोपी को पुलिस गाड़ी से जबरन उतारने, जप्ती सूची फाड़ने और पुलिस पर रोड़ेबाजी करने के आरोप में दो दर्जन असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। एएसआई सह एएलटीएफ मो अफरोज अहमद द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी में कहा गया है कि डुमैनी के आरोपी व असामाजिक लोगों द्वारा की गई इस हिंसक घटना में दो पुलिसकर्मी रामबाबू पासवान और कुमारी हीरामनी बुरी तरह जख्मी हो गए है। एफआईआर में कहा गया है कि गुप्त सूचना पर मोहिउद्दीननगर पुलिस व एएलटीएफ टीम ने डुमैनी गांव स्थित ओम प्रकाश पासवान व हरेन्द्र पासवान के घर में चल रही देशी शराब की भट्ठी ध्वस्त करते हुए भारी मात्रा में तैयार शराब बरामद किया था।

साथ ही ओमप्रकाश को शराब के साथ गिरफ्तार भी किया गया था। जैसे ही जप्ती सूची और बरामद शराब के साथ ओमप्रकाश को हिरासत में ले गाड़ी में बैठाया ही था कि दो दर्जन रोड़ेबाज पहुंच गए। उन्होंने नारेबाजी करते हुए पुलिस गाड़ी घेर ली, आरोपी को खींचकर पुलिस गाड़ी से उतार लिया और जप्ती सूची छीनकर फाड़ दी। इतना ही नहीं पुलिसकर्मियों पर ईंट-पत्थरों से हमला भी किया गया। इससे पूर्व भी एएलटीएफ ने इसी इलाके में शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। थानाध्यक्ष सचिन कुमार ने बताया कि शराब के धंधेबाज को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इस घटना में नामजद व अज्ञात की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। आरोपी जल्द गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।