Samastipur News: पटोरी की पुरानी देवी की प्रतिमा में नजर आती है बंगाल की कलाकृति
Samastipur News: शाहपुर पटोरी के पुरानी बाजार में लगभग 225 वर्षों से पुरानी देवी जी की दुर्गा प्रतिमा स्थापित की जा रही है। बंगाल की कलाकृति और संस्कृति से प्रभावित प्रतिमा का निर्माण इस वर्ष मूर्तिकार कपिलेश्वर पंडित कर रहे हैं। पूजा समिति के अनुसार, प्रतिमा और साज-सज्जा षष्ठी तक पूरी होगी, सप्तमी को नेत्रपट खुलेगा और दशमी की रात विसर्जन होगा। पूजा पर लगभग चार लाख रुपये खर्च होते हैं।

Samastipur News: शाहपुर पटोरी। पटोरी के पुरानी बाजार में इस वर्ष भी पुरानी देवी जी की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। लगभग 225 वर्षों से स्थापित हो रही देवी दुर्गा की यह पौराणिक प्रतिमा हर वर्ष परंपरागत ढंग से बनाई जाती है, जिसमें बंगाल की प्रतिमा की कलाकृति झलकती है। प्रतिमा की साज-सज्जा में भी बंगाल की संस्कृति नजर आती है। बुजुर्ग बताते हैं कि पटोरी में सबसे पहले माता दुर्गा की प्रतिमा की स्थापना पुरानी बाजार से ही शुरू हुई, इसलिए इन्हें पुरानी देवी जी या पौराणिक देवी माता के रूप में मान्यता दी जाती है। क्षेत्र के लोगों की मान्यता है कि पुरानी देवी जी रोजगार दायिनी एवं रोग-व्याधि नाशिनी हैं। जिन श्रद्धालुओं ने भी स्वच्छ मन व श्रद्धा-भक्ति के साथ माता की आराधना की, उन्हें बेहतर रोजगार या नौकरी अवश्य मिली। इतना ही नहीं पुरानी देवी माता की आराधना करने वाले श्रद्धालु एवं उनके परिजनों को गंभीर से गंभीर रोग-व्याधियों से मुक्ति मिली है। कुछ दशक पूर्व तक दुर्गा स्थान भवन काफी जर्जर था परंतु आसपास के लोगों ने मिलकर वहां एक भव्य प्रतिमा स्थल का निर्माण करा दिया।
सदियों पुरानी प्रतिमा निर्माण की परंपरा
सदियों से एक ही परिवार के सदस्य करते हैं प्रतिमा का निर्माण
वर्तमान में इस दुर्गा प्रतिमा का निर्माण मोहिउद्दीननगर निवासी मूर्तिकार कपिलेश्वर पंडित कर रहे हैं। इससे पूर्व उनके पिता जागेश्वर पंडित, दादा बतहू पंडित, परदादा काली पंडित द्वारा प्रतिमा का निर्माण किया जाता था। प्रतिमा देखने से ही बंगाल की कलाकृति का आभास होने लगता है।
पूजा और विसर्जन का कार्यक्रम
सप्तमी को खुलता है पट, दशमी को हो जाती हैं विसर्जित
पुरानी देवी जी पूजा समिति के अध्यक्ष राज कुमार चौधरी, सचिव विजय कुमार गुप्ता उर्फ टुनटुन साह, कोषाध्यक्ष प्रिंस कुमार ने बताया कि यहां प्रतिमा का निर्माण एवं साज-सज्जा षष्ठी तक पूरी कर ली जाती हैं। सप्तमी को देवी का नेत्रपट खुलता है। यहां पूजा में लगभग चार लाख रूपये का खर्च आता है, जो क्षेत्र के लोगों के सहयोग से प्राप्त हो जाता है। प्रतिमा विसर्जन हर हाल में दशमी की रात ही कर दिया जाता है।

