Samastipur News: नगर आयुक्त ने संभाली कमान, निगम से वार्ड का दौरा
Samastipur News: समस्तीपुर के नए नगर आयुक्त गौतम कुमार ने कार्यभार संभालने के बाद नगर निगम कार्यालय और शहर के विभिन्न वार्डों का दौरा किया। उन्होंने अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए और सफाई, सुविधाओं की स्थिति सुधारने का आदेश दिया। योजनाओं की अद्यतन प्रगति की जानकारी लेते हुए लाभुकों पर कार्रवाई करने की बात की।
Samastipur News: समस्तीपुर, निज संवाददाता। नगर निगम के नए नगर आयुक्त गौतम कुमार ने कार्यभार संभालने के बाद निगम कार्यालय से लेकर शहर के विभिन्न वार्डों तक भ्रमण कर ज्वलंत समस्याओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को समस्याओं के तत्काल समाधान के निर्देश दिए।
समस्या समाधान की प्रक्रिया
निगम कार्यालय में पीएम आवास योजना शहरी कार्यालय के निरीक्षण के दौरान योजनाओं की अद्यतन प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि योजना की राशि प्राप्त करने के बावजूद घर नहीं बनाने वाले लाभुकों पर एफआईआर दर्ज कर राशि वसूली की कार्रवाई शुरू की जाए। कार्यालय में अस्त-व्यस्त फाइलों को व्यवस्थित रखने का भी निर्देश दिया।
स्वच्छता और कार्यप्रणाली
कर विभाग में फाइलों और दस्तावेजों के बेतरतीब रखरखाव तथा गंदगी पर नाराजगी जताते हुए सफाई पर विशेष जोर दिया। सभी कर्मियों को बैज लगाने और अपने टेबल पर नाम व पदनाम की पट्टी लगाने का निर्देश दिया। कैश कार्यालय, लोक स्वच्छता अधिकारी कार्यालय समेत अन्य शाखाओं का भी निरीक्षण किया।
यात्रियों की समस्याएं
कर्पूरी बस स्टैंड में यात्रियों, बस कर्मियों और जिला मोटर व्यवसायी संघ के प्रतिनिधियों से बातचीत कर समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने साफ-सफाई, प्रकाश, पेयजल और यात्री शेड की स्थिति सुधारने का निर्देश दिया। ताजपुर रोड स्थित निर्माणाधीन भोला टॉकीज आरओबी तथा विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर जनसमस्याओं के शीघ्र समाधान का निर्देश दिया।


