
प्रेमी जोड़े की मौत के मामले में युवक के भाई ने दर्ज कराया हत्या का केस
संक्षेप: उजियारपुर में महिसारी वार्ड में एक पेड़ से प्रेमी जोड़े के लटकते शव मिलने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है। प्रेमी के भाई के आवेदन पर मामले की जांच शुरू की गई है। प्रेमिका के चाचा पर हत्या का आरोप लगाया गया है, जबकि प्रेमिका के परिवार की ओर से कोई आवेदन नहीं मिला है।
उजियारपुर। थाना क्षेत्र के महिसारी वार्ड संख्या 8 में शनिवार की सुबह एक पेड़ से प्रेमी जोड़े के लटकते शव की बरामदगी मामले में उजियारपुर पुलिस ने रविवार को हत्या करने का केस दर्ज किया है। प्रेमी का भाई विभूतिपुर के केराई निवासी अच्छेलाल सिंह का पुत्र विकास कुमार के आवेदन पर दर्ज केस का पुलिस ने अनुसंधान शुरू कर दिया है। इसमें प्रेमी पंकज कुमार उर्फ अभिषेक कुमार की हत्या करने की आशंका का आरोप लगाया गया है। कांड में प्रेमिका प्रीति कुमारी के चाचा रंधीर सिंह पर हत्या करके दोनों का शव पेड़ से लटका कर घटना को आत्महत्या का रूप देने की आशंका जताई गई है।

जबकि पुलिस सूत्रों के मुताबिक प्रेमिका के स्वजनों की ओर से कोई आवेदन फिलहाल नहीं मिलने की बात बताई गई है। इस बीच पुलिस घटना से जुड़े सभी बिंदुओं की जांच शुरू कर दी है। वहीं महिसारी सहित प्रेमी प्रेमिका के गांव केराई में रविवार को भी लोगों के बीच घटना की चर्चा होती रही। मालूम हो कि शनिवार की सुबह उजियारपुर थाना क्षेत्र के महिसारी गांव अंतर्गत बथनाहा टोला से सटे एक सुनसान जगह पर एक पेड़ से लटकता युवक युवती का शव मिला था। दोनों का शव एक ही दुपट्टे से यानी एक छोर में युवक एवं दूसरे छोर से युवती के गले में फंदा लगा हुआ था। जिसे देख गांव के लोगों के होश उड़ गए। सूचना पर उजियारपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया था। इस दौरान प्रेमी और प्रेमिका की पहचान बगल के केराई गांव निवासी के रूप में की गई।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




