Samastipur News: अगरबत्ती जलाने के दौरान लगी थी दुकान में आग
Samastipur News: मोहिउद्दीननगर के महमद्दीपुर चौक पर अगरबत्ती जलाने के दौरान दो जनरल स्टोर में आग लग गई। आग बुझाने की कोशिश में गैस सिलिंडर फटने से दुकानदार के पुत्र-पुत्री समेत 13 लोग घायल हो गए। राजीव कुमार और कन्हैया कुमार पंडित की स्थिति गंभीर बनी हुई है। दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।

Samastipur News: मोहिउद्दीननगर। थाना क्षेत्र के महमद्दीपुर चौक पर दो जनरल स्टोर में लगी भीषण आग के बाद घटना स्थल का मंजर देख दुकानदार की पत्नी बेसुध हो गई। दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो जाने से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। इस अगलगी की घटना में दुकानदार के पुत्र-पुत्री समेत करीब एक दर्जन लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। वहीं, गैस सिलिंडर ब्लास्ट में घायल दो युवक की स्थिति गंभीर बनी हुई है। बताया जाता है कि दुकान में अगरबत्ती जलाने के दौरान आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की तेज लपटों को देख आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। आग बुझाने के प्रयास के दौरान गैस सिलिंडर फटने से स्थिति और भयावह हो गई। धमाके और आग की चपेट में आने से कई लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज निजी अस्पताल किया जा रहा है। घटना के बाद जली हुई दुकानों के मलबे और राख में तब्दील सामान को देखकर दुकानदार के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। शुक्रवार की सुबह जले मलवे को देखने सैंकड़ो ग्रामीण इकट्ठा थे। चमचमाती दुकान की बर्बादी देख दुकानदार की पत्नी बेसुध है। दुकानदार अरविन्द राय ने थाने में आवेदन दिया है। जिसमें दोनों दुकान की लाखों का सामान जलने की शिकायत की है। पंचायत सचिव ने घटनास्थल पर पहुंच अगलगी में हुए नुकसान का आकलन कर उसका रिपोर्ट सीओ को भेज दिया है। आग बुझाने के दौरान दुकानदार की पुत्री पूजा कुमारी (24) व पुत्र सोनू कुमार (15) के अलावे कन्हैया कुमार पंडित, गोलू कुमार, रंजीत पासवान, लुटून कुमार, कृष्णा कुमार, आंसू आलम, संजय पंडित, राजीव कुमार, होदा आलम सहित कुल 13 युवक घायल हुए है। जिसमे राजीव कुमार व कन्हैया कुमार पंडित की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

