पटोरी में पुलिस की तत्परता से टली मॉब लिंचिंग की बड़ी घटना

Newswrap हिन्दुस्तान, समस्तीपुर
share

शाहपुर पटोरी में शुक्रवार को एक विक्षिप्त महिला को बच्चा चोर समझकर भीड़ ने घेर लिया। हजारों लोगों की भीड़ जमा हो गई थी, लेकिन गांव के मुखिया और पुलिस ने समय रहते महिला की जान बचाई। महिला को सुरक्षित पुलिस थाने ले जाया गया, और उसे नारी निकेतन भेजा जा रहा है।

पटोरी में पुलिस की तत्परता से टली मॉब लिंचिंग की बड़ी घटना

शाहपुर पटोरी। पटोरी थाना क्षेत्र के दक्षिणी धमौन में शुक्रवार को मॉब लिंचिंग की एक बड़ी घटना टल गई। शुक्रवार की दोपहर में गांव में एक अधेड़ विक्षिप्त महिला को लोगों ने बच्चा चोर होने की आशंका जताते हुए घेर लिया। धीरे-धीरे हजारों लोगों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ ने शोर शराबा करते हुए मॉब लिंचिंग की स्थिति उत्पन्न कर दी। मॉब लिंचिंग की घटना को टालने में गांव के मुखिया एवं पटोरी पुलिस के अधिकारी व बल ने अपनी अहम भूमिका निभायी। थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि विक्षिप्त महिला अपना नाम-पता भी नहीं बता पा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार की सुबह से गांव के चार बच्चे गायब हो गए थे।

गांव के लोग गायब बच्चों की तलाश कर रहे थे। बाद में सभी बच्चे समीप के गांव में खेलते हुए मिल गए। इस बीच बुलगानीन चौक, धमौन में कुछ लोगों की नजर एक अधेड़ विक्षिप्त महिला पर पड़ी। लोगों ने उसी महिला को बच्चा चोर बताते हुए घेर लिया। इसकी सूचना जब गांव के मुखिया धनिक लाल राय को मिली तो उन्होंने महिला को अपने घर लाने को कहा। तब तक हजारों लोगों की भीड़ जमा हो गई। इनमें कुछ लोग विक्षिप्त महिला को बच्चा चोर बताते हुए उसकी पिटाई करने लगे। मुखिया ने भीड़ से छुड़ाकर विक्षिप्त महिला को सुरक्षित अपने घर में बंद कर लिया। बाहर खड़ी हजारों लोगों की भीड़ ने महिला को बाहर निकालने और सुपुर्द करने की मांग करते हुए मुखिया के घर को घंटों घेरे रखा। उधर, मुखिया ने इस मामले की सूचना पटोरी थाना को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर अनिल कुमार, एसआई धर्मेंद्र कुमार, एएसआई अभय नारायण सिंह, पीएसआई अक्षय कुमार के अलावा बड़ी संख्या में महिला व पुरुष पुलिस बल कई वाहनों में सवार होकर घटना स्थल पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों ने भीड़ को समझाने का बहुत प्रयास किया परंतु उग्र भीड़ शांत नहीं हुई। बाद में काफी मशक्कत व सावधानी बरतते हुए पुलिस की टीम ने घर के दरवाजे पर पुलिस की गाड़ी लगाकर महिला को घर से सकुशल बाहर निकाला। भीड़ के बीच से बचाते हुए पुलिस टीम विक्षिप्त महिला को सुरक्षित पटोरी थाने ले आयी। थानाध्यक्ष ने बताया कि महिला को नारी निकेतन भेजा जा रहा है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।