
विधिक जागरूकता शिविर में दी गई विक्टिम कम्पनसेशन स्कीम की जानकारी
रोसड़ा में विधिक सेवा समिति द्वारा विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। अधिवक्ता दीपक शर्मा ने विक्टिम कम्पनसेशन स्कीम 2014 के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अपराध या दुर्घटना में प्रभावित व्यक्तियों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। आगामी लोक अदालत 13 दिसंबर 2025 को आयोजित होगी।
रोसड़ा। बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देश पर अनुमंडल विधिक सेवा समिति रोसड़ा के तत्वावधान में शनिवार को अम्बेडकर आवासीय उच्च विद्यालय परिसर में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पैनल अधिवक्ता दीपक शर्मा, पीएलवी रामकुमार सहनी, विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजेंद्र प्रसाद, शिक्षकगण तथा महती संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। शिविर को संबोधित करते हुए पैनल अधिवक्ता दीपक शर्मा ने विक्टिम कम्पनसेशन स्कीम 2014 की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अपराध या दुर्घटना के कारण घायल, क्षतिग्रस्त या प्रभावित व्यक्ति एवं उनके आश्रितों को पीड़ित प्रतिकर निधि से आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है, ताकि उनके दुख को कम किया जा सके और पुनर्वास में मदद मिले।
उन्होंने बताया कि तेजाब हमले की स्थिति में पीड़ित को तीन से सात लाख रुपये तक, जबकि मृत्यु पर 40 वर्ष से कम आयु वाले पीड़ित के आश्रितों को तीन लाख, 40 से 60 वर्ष के बीच दो लाख तथा 60 वर्ष से अधिक आयु होने पर एक लाख रुपये सहायता राशि दी जाती है। वहीं अपंगता की स्थिति में 50 हजार रुपये प्रतिकर राशि का प्रावधान है। अधिवक्ता ने यह भी बताया कि आगामी लोक अदालत 13 दिसंबर 2025 को आयोजित होगी, जिसमें अधिक से अधिक सुलह योग्य मामलों को आपसी समझौते के आधार पर निपटाया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोक अदालत में न तो हार होती है, न जीत, बल्कि भाईचारा बढ़ता है और समय, धन व श्रम की भी बचत होती है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




