होली पर कड़ी चौकसी, डीएम-एसपी ने दिए सख्त निर्देश
समस्तीपुर में होली पर्व को शांति, सौहार्द और सुरक्षा के साथ मनाने के लिए एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। डीएम और एसपी ने सभी प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। शराब तस्करी पर प्रतिबंध, सोशल मीडिया की निगरानी, और आपातकालीन सेवाओं को अलर्ट रखने के निर्देश जारी किए गए।

समस्तीपुर। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता डीएम रोशन कुशवाहा एवं एसपी अरविन्द प्रताप सिंह ने की। इस दौरान जिले के सभी वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। डीएम ने निर्देश दिया कि जिले के सभी चिह्नित संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारियों एवं पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए। असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने के लिए विशेष गश्ती दलों की तैनाती की जाएगी। साथ ही, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में निरंतर पेट्रोलिंग करने का निर्देश दिया गया।
एसपी ने स्पष्ट कहा कि होली के दौरान शराब की तस्करी और सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। बॉर्डर इलाकों एवं प्रमुख मार्गों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाने का आदेश दिया गया है। शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। शांति समिति की बैठकें अनिवार्य, सोशल मीडिया की माॅनिटरिंग : सभी एसडीओ एवं सीओ को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में स्थानीय शांति समिति की बैठकें आयोजित करें। इन बैठकों के माध्यम से जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के सहयोग से सांप्रदायिक सौहार्द एवं भाईचारे का वातावरण बनाए रखने पर बल दिया गया। त्योहार के दौरान सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों एवं भ्रामक खबरों पर निगरानी के लिए आईटी सेल को सक्रिय रखा गया है। किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक पोस्ट या अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपुष्ट खबरों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध सूचना की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। आपातकालीन सेवाएं रहेंगी अलर्ट : होली के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए गए हैं। अस्पतालों में डॉक्टरों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की टीम को अलर्ट मोड में रखने तथा एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। इसके साथ ही बिजली और पेयजल आपूर्ति निर्बाध रखने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। डीएम व एसपी ने संयुक्त रूप से कहा की होली खुशियों और रंगों का पर्व है। सभी नागरिक इसे आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं। हुड़दंग करने वालों या कानून हाथ में लेने वालों के विरुद्ध प्रशासन जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शांति व्यवस्था भंग करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में डीडीसी सूर्य प्रताप सिंह, एडीएम ब्रजेश कुमार सहित जिले के सभी वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं, सभी एसडीओ एवं बीडीओ अपने-अपने कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


