मोहनपुर प्रखंड व अंचल के दो कार्यपालक सहायक सेवा से बर्खास्त
शाहपुर पटोरी में बाढ़ पीड़ितों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि के लाभुकों के नाम गलत प्रविष्टि करने के आरोप में दो कार्यपालक सहायकों को बर्खास्त कर दिया गया है। जांच में सामने आया कि उन्होंने जानबूझकर ऐसे...

शाहपुर पटोरी। बाढ़ पीड़ितों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि के लाभुकों के नामों की गलत प्रविष्टि किए जाने के आरोप में मोहनपुर प्रखंड व अंचल के दो कार्यपालक सहायकों को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। उक्त आशय की जानकारी देते हुए एसडीओ विकास कुमार पांडेय ने बताया कि दो अधिकारियों की संयुक्त जांच टीम के द्वारा दी गई जांच रिपोर्ट के आलोक में सत्यता पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई। एसडीओ ने बताया कि वर्ष 2024 में मोहनपुर प्रखंड के कुछ वार्ड एवं पंचायतों में गंगा की बाढ़ आई थी। विशेष सचिव आपदा प्रबंधन विभाग पटना के पत्र के आलोक में बाढ़ पीड़ितों के बैंक खाते में पीएफएमएस के माध्यम से अनुग्रह राशि दी जानी थी।
मोहनपुर के सीओ के निर्देश पर बाढ़ पीड़ितों के खाते में अनुग्रह राशि दे दी गई। बाद में ऐसी शिकायत मिली कि लाभुकों की सूची में कई ऐसे लोगों के नाम भी शामिल हैं जो बाढ़ प्रभावित हुए ही नहीं। इस शिकायत के बाद डीएम, समस्तीपुर ने पटोरी की तत्कालीन डीसीएलआर प्रियंका कुमारी एवं परीक्ष्यमान वरीय उप समाहर्ता, समस्तीपुर अंजलि कुमारी को संयुक्त रूप से जांच का जिम्मा सौंपा। जांच से स्पष्ट हुआ कि मोहनपुर प्रखंड के सूचना प्रौद्योगिकी सहायक राकेश रंजन एवं मोहनपुर अंचल की कार्यपालक सहायक निभा कुमारी तथा ताजपुर नगर परिषद कार्यालय में कार्यरत कार्यपालक सहायक व निभा के पति रमेश कुमार ने जानबूझकर बाढ़ राहत राशि के लिए लाभुकों के नामों की गलत प्रविष्टि कर दी थी। दोनों अधिकारियों की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद राकेश एवं निभा से स्पष्टीकरण की मांग की गई परंतु दोनों के द्वारा दिए गए जवाब से कोई भी अधिकारी संतुष्ट नहीं हुए। संतोषप्रद जवाब नहीं मिलने के बाद उन दोनों को जांच प्रतिवेदन के आधार पर बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन सोसाइटी, सामान्य प्रशासन विभाग बिहार के नियमों का अनुपालन करते हुए डीएम समस्तीपुर ने पत्रांक - 436 दिनांक 02.09. 2025 के द्वारा राकेश रंजन एवं निभा कुमारी को सेवा से बर्खास्त कर दिया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




