Samastipur News: गंगा का जलस्तर दो दिनों में 20 सेमी घटा, संकट बरकरार
Samastipur News: मोहिउद्दीननगर में गंगा एवं वाया नदी के जलस्तर में पिछले 48 घंटों के दौरान 20 सेमी की कमी आई है, लेकिन इससे प्रभावित इलाकों में लोगों की स्थिति में सुधार नहीं हुआ है। कई गांवों में बाढ़ का पानी अभी भी जमा है, जिससे दैनिक जीवन में कठिनाई हो रही है। सरकार और समाजसेवियों द्वारा मदद की जा रही है।

Samastipur News: मोहिउद्दीननगर। गंगा एवं वाया नदी के जलस्तर में पिछले 48 घंटे के दौरान करीब 20 सेमी की मामूली कमी दर्ज की गई है। पानी घटने के बावजूद दियारांचल सहित प्रखंड के बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों की परेशानी कम नहीं हुई है। सरारी स्थल गंगा घाट पर भी पिछले 12 घंटे में गंगा के जलस्तर में महज 5 सेमी की गिरावट हुई है। गंगा नदी के समीप पूरब से पक्षिम की ओर बोचहा ग्वालगढ़, छोटकी दुबहा, मस्तलीपुर, अदलपुर, मोहनापर, छोटकी पतसिया, बालूपर, उदहापार, घटहाटोल, सुलतानपुर, जागीराटोल, बदिया, बाकरपुर, हसनपुर, रजैसी, हरैल, चापर सहित कई ऐसे गांव है, जहां की स्थिति अभी नाजुक बनी हुई है।
कई गांव ऐसे हैं जहां ऐसी कोई जगह नहीं है जिस पर लोगों के सामुदायिक किचेन का संचालन किया जाय। जबकि सरकार की ओर से प्रखंड के दर्जनों जगहों पर पशुचारा का वितरण किया जा रहा है। निजी तौर पर दर्जनों प्रतिनिधि, समाजसेवी, अन्य संस्था की ओर से सूखा राशन का वितरण भी जारी है। लेकिन आवादी की अधिकता या अन्य कारण से कुछ लोगों मे असंतोष होने की भी चर्चा हो रही है। बाढ़ पीड़ितों का कहना है कि पानी के जलस्तर में तेजी से कमी होती तो आंशिक समस्या को लोग सह लेते। लेकिन जलस्तर में धीमी गति से हो रही कमी के कारण लोगों को अभी परेशानी में कमी की उम्मीद कम ही है। बाढ़ का पानी अब भी प्रखंड के दर्जनों सड़कों पर फैला हुआ है। कई गांवों का मुख्य सड़कों से संपर्क प्रभावित है। दियारांचल क्षेत्र में आवागमन के लिए लोगों को नाव का सहारा लेना पड़ रहा है। वहीं, हरैल पंचायत के चापर गांव के तीन टोलों की स्थिति अब भी नाजुक बनी हुई है। यहां बड़ी संख्या में घरों के आसपास बाढ़ का पानी जमा है और ग्रामीणों को दैनिक जरूरतों के लिए भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जल संसाधन विभाग के कर्मी विभिन्न तटबंधों की सुरक्षा में लगातार जुटे हुए हैं। संवेदनशील स्थानों पर पानी के दबाव की निगरानी की जा रही है। विभागीय कर्मियों को तटबंधों पर नजर बनाए रखने का निर्देश दिया है।

