पांच वर्षीय बालक मां से बिछुड़ा, पुलिस की तत्परता से मिला परिवार

Apr 05, 2026 10:11 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, समस्तीपुर
share

मथुरापुर थाना क्षेत्र के समस्तीपुर कृषि बाजार समिति में एक पांच वर्षीय बालक अपनी मां से बिछड़ गया। भीड़ के कारण बच्चा भटक गया, लेकिन पुलिस ने उसे सुरक्षित पाकर उसके माता-पिता से मिलाया। परिजनों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की।

पांच वर्षीय बालक मां से बिछुड़ा, पुलिस की तत्परता से मिला परिवार

वारिसनगर।मथुरापुर थाना क्षेत्र स्थित समस्तीपुर कृषि बाजार समिति परिसर में रविवार को लगने वाले साप्ताहिक हाट के दौरान एक पांच वर्षीय बालक अपनी मां से बिछुड़ गया। घटना के बाद कुछ देर के लिए हाट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,अत्यधिक भीड़ के कारण बालक का हाथ उसकी मां से छूट गया और वह इधर-उधर भटकने लगा। रोते-बिलखते वह किसी तरह थाना के समीप पहुंच गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों की नजर उस पर पड़ी। अपर थानाध्यक्ष प्रीति कुमारी ने तत्परता दिखाते हुए बच्चे को अपने संरक्षण में लेकर थाना परिसर पहुंचा। थाना में बच्चे को पहले पानी पिलाया गया तथा बिस्किट और चॉकलेट देकर शांत कराया गया।

इसके बाद उससे उसके माता-पिता, गांव और आसपास की पहचान से जुड़ी जानकारी ली गई। बच्चे द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर दरोगा जग निवास शर्मा एवं अवधेश राय ने कुसैया पंचायत के लोगों से संपर्क कर सूचना प्रसारित की।कुछ ही देर बाद परिजन भी बच्चे की तलाश करते हुए थाना पहुंचे। बालक की पहचान कुसैया पंचायत के वार्ड दो निवासी चांदनी कुमारी के पुत्र राज के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि भीड़ के कारण अचानक बच्चा नजरों से ओझल हो गया था, जिससे वे काफी घबरा गए थे और उसकी तलाश कर रहे थे।पुलिस द्वारा बच्चे को सकुशल सौंपे जाने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिसकर्मियों का आभार जताया। इस दौरान मौजूद लोगों ने भी पुलिस की तत्परता और मानवीय पहल की सराहना की।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।