वारिसनगर | निज संवाददाता
वारिसनगर थाना क्षेत्र के गोही गाछी के पास गोही के मुखिया राजेश कुमार सहनी को गोली मारकर जख्मी करने के मामले में सातवें दिन बुधवार को पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। मुखिया की पत्नी के आवेदन पर दर्ज की गयी प्राथमिकी में सात लोगों को नामजद किया गया है। इसमें वारिसनगर थाना क्षेत्र के छह व कल्याणपुर थाना क्षेत्र के केशोपट्टी गांव के एक व्यक्ति शामिल हैं।
मुखिया की पत्नी रूपा सहनी ने आवेदन में कहा है कि उसके पति राजेश कुमार सहनी 24 दिसंबर को डेढ़ बजे घर से किसनपुर जा रहे थे। वे जैसे ही गोही गाछी के समीप पहुंचे जान मारने की नीयत से बदमाशों ने उन पर गोली चला दी। कमर के ऊपर गोली लगने से वे जख्मी हो गये। उसके बाद लोगों ने मुखिया को स्थानीय पीएचसी में लाया जहां डॉक्टर ने दरभंगा रेफर कर दिया। जहां निजी क्लिनिक में इलाज के दौरान गोली निकाला गया। इसके बाद वहां से रेफर होने के बाद 29 दिसंबर को पटना के निजी अस्पताल में मुखिया को भर्ती कराया गया। जहां मुखिया की हालत चिंताजनक बनी हुई है। वे सही से बोलने की स्थिति में नही है। रुपा ने प्राथमिकी में यह भी कहा है कि पूर्व में भी 23 मई को उसके पति पर जान मारने की नीयत से हमला किया गया था।
उस मामले में कोर्ट में भी आवेदन दिया गया था। रूपा ने गोही गांव के विपिन ठाकुर, राजद नेता मो. अली इमाम, मो. तारे, मो. जहांगीर, मो. सितारे, गोही पंचायत के इंदिरा आवास सहायक व कल्याणपुर केशोपट्टी निवासी नीलमणि सिंह व वारिसनगर के भाजपा उतरी मंडल अध्यक्ष व बरियारपुर निवासी अर्जुन ठाकुर व अन्य को आरोपी बताया है। थानाध्यक्ष परशुंजय कुमार ने बताया कि पत्नी के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। जल्द ही गिरफ्तारी कर ली जायेगी।
प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस जुटी जांच में : वारिसनगर। गोही पंचायत के मुखिया राजेश कुमार सहनी को गोली मारकर जख्मी करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस ने जांच शुरू करने के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है। गुरुवार को बदमाशों का सुराग पाने के लिए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कई बार खंगाला। इस क्रम में बदमाशों का चेहरे का हुलिया व उम्र आदि का आंकलन किया गया। इसके साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम छापेमारी में जुट गयी है। हालांकि पुलिस फिलहाल कुछ बताने से परहेज कर रही है।