Samastipur News: खानपुर में डीएपी खाद की हो रही कालाबाजारी
Samastipur News: खानपुर में डीएपी खाद की कालाबाजारी से किसानों की परेशानी बढ़ गई है। दुकानदार मनमानी कीमत वसूल कर रहे हैं। किसान सरकारी दर से अधिक कीमत पर खाद खरीदने को मजबूर हैं। किसान संगठन ने शिकायत की, लेकिन अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं। किसानों ने कार्रवाई की मांग की है।

Samastipur News: खानपुर। प्रखंड में खाद दुकानदारों के द्वारा डीएपी खाद की कालाबाजारी किए जाने से किसानों की परेशानी कुछ अधिक ही बढ़ गई है। खाद दुकानदारों के यहां किसान डीएपी खाद लेने के लिए चक्कर काट रहे हैं। दुकानदार किसानों को डीएपी का किल्लत बता कर उन से मनमानी कीमत वसूलते हैं। आए दिनों डीएपी खाद की कालाबाजारी से यहां के किसानों में रोष हैं। किसानों का कहना है कि खानपुर के खाद दूकानदार सरकारी दर से अधिक कीमत पर डीएपी और यूरिया की बिक्री कर रहे हैं। शिकायत के बावजूद संबंधित अधिकारी कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। इससे खेती के इस महत्वपूर्ण समय में किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
किसानों की समस्याएँ
प्रखंड क्षेत्र के किसान राजेश कुमार, रतन कुमार, सुरेश महतो, नरेश राय, सुंदरम सहनी, कृष्ण राम, सुखदेव यादव, अखिलेश कुमार सहित अन्य किसानों ने बताया कि खाद दुकानदार दो हजार से 22 सौ रुपये में डीएपी, 350 से 400 रुपये में यूरिया बेच रहे हैं। किसानों का कहना है कि सरकारी निर्धारित दर से अधिक राशि नहीं देने एवं मनमानी कीमत लिए जाने के संबंध में पूछने पर खाद दुकानदार खाद नहीं रहने की बात कह कर जहां मिले वहीं ले लिजिए की बातें कहते हैं। फसल बचाने के लिए किसानों को मजबूरी में अधिक कीमत पर खाद खरीदनी पड़ रही है। किसानों के अनुसार, सरकारी दर पर यूरिया करीब 265 रुपये तथा डीएपी 1,350 रुपये में उपलब्ध कराई जानी चाहिए। इसके बावजूद दुकानदार निर्धारित मूल्य से काफी अधिक कीमत वसूल कर रहे हैं।
अधिकारियों की चुप्पी
मामले की पड़ताल के दौरान खानपुर में खाद दुकानदार द्वारा डीएपी और यूरिया की कीमत किसानों से अधिक ली जा रही थी। किसानों ने वरीय पदाधिकारियों से मामले की जांच कर खाद की कथित कालाबाजारी पर तत्काल रोक लगाने, निर्धारित सरकारी दर पर खाद उपलब्ध कराने तथा अधिक कीमत वसूलने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। इस संबंध में पूछे जाने पर प्रखंड के बीएओ, कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार सभी ने चुप्पी साध ली। इस बाबत पूछे जाने पर खानपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी विजय कुमार चंद्रा ने बताया कि मामला तो कृषि विभाग विभाग से संबंधित है। लेकिन किसानों से खाद की अधिक कीमत वसूल किए जाने वाले खाद दुकानदारों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।


