Samastipur News: दरवाजे पर सो रहे युवक की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या
Samastipur News: मोरवा। दरबा पंचायत के अकौना गांव में किसानों की हत्या कर दी गई। रघुवीर सहनी को कुल्हाड़ी से मारा गया। पुलिस और एफएसएल टीम ने घटना की जांच कर रही है। मृतक की पत्नी के अनुसार, रघुवीर पंचायत से लौटने के बाद दरवाजे पर सो रहे थे। परिवार ने नेताओं से सांत्वना प्राप्त की।

Samastipur News: मोरवा। हलई थाना क्षेत्र की दरबा पंचायत स्थित अकौना गांव के वार्ड 5 में रविवार देर रात दरवाजे पर सो रहे किसान रघुवीर सहनी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई। रघुवीर गांव के मोती सहनी का पुत्र था।
घटना की जानकारी
सोमवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना मिलते ही हलई थाने की पुलिस और पटोरी एसडीपीओ बीके मेधावी ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की। एफएसएल टीम ने घटनास्थल और आसपास से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने मौके से एक नई कुल्हाड़ी भी बरामद की है। परिजनों के अनुसार, रघुवीर सहनी पहले पंजाब में काम करते थे और पिछले तीन वर्षों से गांव में रहकर खेती-बाड़ी कर रहे थे। कुछ दिन पूर्व गाय के बछड़ा देने के कारण वे उसकी देखभाल के लिए पिछले तीन-चार दिनों से ही घर के बाहर चौकी पर सो रहे थे। बदमाशों ने उनकी असहाय अवस्था का फायदा उठाकर चेहरे और गर्दन पर नई कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद हमलावर घर के पिछवाड़े से फरार हो गए।
पंचायत से लौटे थे वापस
मृतक की पत्नी रामकली देवी ने बताया कि रविवार शाम रघुवीर पास के गांव जोरपुरा में जमीन संबंधी एक पंचायत में गए थे। रात करीब 10 बजे लौटने के बाद खाना खाकर वे बाहर सोने चले गए। सुबह जब गांव के लोग दरवाजे पर लगे चापाकल से पानी लेने पहुंचे, तब वारदात की जानकारी हुई। रघुवीर के दो पुत्र शिवशंकर और रविशंकर हैं।
नेताओं ने जताया शोक
घटना की सूचना मिलते ही पूर्व मंत्री बैजनाथ सहनी, पूर्व विधायक विद्यासागर सिंह निषाद और राजद नेता अरविंद सहनी ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी और पुलिस से दोषियों पर त्वरित कार्रवाई की मांग की। पुलिस आसपास के इलाकों की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
मामले की जांच
मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए हैं और हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी जब्त कर ली गई है। स्थानीय संलिप्तता और अन्य आपराधिक बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच जारी है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
-बीके मेधावी, एसडीपीओ, पटोरी


