
वृद्ध को बालू लदे ट्रक ने मारी ठोकर, जख्मी
विद्यापतिनगर के एनएच 122बी पर गुरुवार सुबह एक वृद्ध को ओवरलोड ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। 70 वर्षीय विन्देश्वर पासवान की स्थिति चिंताजनक है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मुआवजे और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विद्यापतिनगर। थाना के एनएच 122बी पथ पर फरसा चौक के समीप गुरुवार की सुबह मॉर्निंग वॉक से वापस लौट रहे एक वृद्ध को बालू लदे ओवरलोड ट्रक ने पीछे से जोरदार ठोकर मार दिया। इस घटना में वृद्ध के पैर, कमर तथा हाथ में गंभीर चोट आई है। ज़ख्मी वृद्ध की पहचान वाजिदपुर पंचायत के वार्ड संख्या 3 निवासी विन्देश्वर पासवान (70) के रूप में की गई है। जख्मी की वधू ललिता देवी ने बताया कि उसके ससुर सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे घर वापस लौटने के दौरान एक ओवरलोड ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दिया। इसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं।

स्थानीय लोगों की सहायता से इलाज के लिए उन्हें निकट के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया है जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। उधर घटना की सूचना मिलते ही विद्यापतिनगर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गई है। बताया गया कि घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया है। राकेश कुमार, राजकुमार पासवान आदि लोगों ने स्थानीय प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा है कि आए दिन सड़क पर दुर्घटनाएं हो रही है लेकिन पुलिस ओवरलोड गाड़ी की जांच नहीं करती है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गयी। लोग प्रशासन से मुआवजे की मांग तथा ओवरलोड गाड़ी लेकर चलने वाले ट्रक ड्राइवर पर कडी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। थाना प्रभारी सूरज कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस को मौके पर भेजा गया है पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। वृद्ध को बचाने में उसके पुत्र भी चोटिल हुआ है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


