सम्राट अशोक भवन निर्माण पर एनओसी का फंसा है पेच
समस्तीपुर में सम्राट अशोक भवन के निर्माण में एनओसी की समस्या आ रही है, जिससे निर्माण का कार्य लटका हुआ है। पहले ताजपुर रोड पर ट्रेंचिंग ग्राउंड में प्रस्तावित योजना फेल हो गई थी। अब वार्ड 30 में...

समस्तीपुर। शहर में सम्राट अशोक भवन निर्माण में अब एनओसी का पेंच फंस गया है। इस कारण से निकट भविष्य में इसके निर्माण पर ग्रहण लगता हुआ दिख रहा है। पहले ताजपुर रोड में ट्रेंचिंग ग्राउंड में अशोक सम्राट भवन बनाने का प्रस्ताव मिला था। काफी समय तक इस पर राजनीति होते रहने के बाद यह प्रस्ताव फेल हो गया। बाद में नगर परिषद से नगर निगम बनने के बाद वार्ड 30 में पाहेपुर में बहुमंजिला सम्राट अशोक भवन का निर्माण की योजना तैयार हुई। लेकिन इस योजना पर भी अभी तक जमीन विवाद व सीओ से एनओसी दिए जाने का पेंच अभी तक लगा ही हुआ है।
इसके कारण निर्माण अधर में लटका हुआ है। इस पेंच के कारण निर्माण के लिए जमीन की मापी भी अब तक शुरू नहीं कराई गई है। इस वार्ड के वार्ड पार्षद का कहना है कि जनोपयोगी इस निर्माण को अनावश्यक लटका कर नगर निगम और सीओ रखे हुए हैं। जिससे वार्ड के लोगों में असंतोष है। वार्ड के लोगों ने बताया कि पाहेपुर में 41 डिसमिल सरकारी जमीन खाली पड़ी हुई है, जिस पर उक्त निर्माण होना है। लेकिन निर्माण अभी तक क्यों नहीं शुरू हुआ, इसका जवाब अपने वार्ड पार्षद को देना है। वार्ड की पार्षद ने बताया कि पाहेपुर में उपलब्ध सरकारी जमीन पर सम्राट अशोक भवन बनाने के लिए नगर निगम बोर्ड की 14 मार्च 2024 की बैठक में संबंधित प्रस्ताव लाया गया था, जिसे बोर्ड ने सर्वसम्मति से पारित किया था। प्रस्ताव में कहा गया था कि सम्राट अशोक भवन के निर्माण के लिए सरकारी जमीन की मापी अविलंब शुरू करायी जाय। फिर भी इस प्रस्ताव को पारित हुए आज लगभग आठ महीने होने जा रहे हैं, अभी तक निर्माण की प्रक्रिया शुरू नहीं कराई गई है। सम्राट अशोक भवन के बनने से आम लोगों को लाभ मिलने के साथ ही नगर निगम को भी अतिरिक्त राजस्व मिलने का साधन का सृजन होता। बयान: नगर निगम सशक्त स्थायी समिति व निगम बोर्ड द्वारा पारित वार्ड 30 के पाहेपुर में खाली सरकारी जमीन पर ही सम्राट अशोक भवन बनेगा। इसमें अनावश्यक हस्तक्षेप कर कोई बदलाव नहीं होने दिया जाएगा। बोर्ड का निर्णय सर्वोपरि है। अनिता राम, मेयर, नगर निगम, समस्तीपुर।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




