विष्णुपुर बथुआ में निजी जमीन व राशि से बना दी सड़क
पूसा के बिष्णुपुर बथुआ पंचायत के वार्ड-8 में ग्रामीणों ने मिलकर निजी जमीन और सहयोग राशि से एक एप्रोच सड़क का निर्माण किया। इस प्रयास से गांव की बहू-बेटियां अब आसानी से अपने घरों तक पहुंच सकेंगी। यह सड़क निर्माण दस वर्षों की मेहनत का परिणाम है और स्थानीय युवाओं के प्रयासों से संभव हुआ।

पूसा। सामाजिक एकजुटता व युवाओं की दृढ़ इच्छाशक्ति लक्ष्य को आसान बना देती है। ताजा मामला पूसा प्रखंड के बिष्णुपुर बथुआ पंचायत के वार्ड-8 का है। जहां ग्रामीणों ने निजी जमीन व सहयोग राशि से एप्रोच सड़क का निर्माण कर एक मिशाल कायम कर दी। करीब आठ दशक बाद अब गांव की बहू-बेटियां वाहनों से ससुराल से आ और जा सकेंगी। अब तक उन्हें मुख्य सड़क से पैदल ही अपने टोले तक पहुंचना होता था। लेकिन वर्षों तक सामुहिक प्रयास से अब घर की महिलाओं, छात्राओं व दिव्यांगों की एक बड़ी समस्या का निदान कर सपने को साकार कर दिया है।
स्थानीय युवा मंडली इसे दशरथ मांझी की प्रेरणा मानते हैं। गांव के पंकज कुमार, गिरीश मिश्र, अखिलेश ठाकुर, गांगुली प्रसाद सिंह ने बताया कि ईरादा नेक तो लोगों का साथ मिल ही जाता है। कहा कि पंचायत का यह वार्ड वैशाली जिले की सीमा से सटा है। दोनों के बीच नहर है। नहर के एक किनारे बथुआ पंचायत है तो दूसरे छोड़ पर वैशाली व मुजफ्फरपुर जिले की सीमा है। आजादी के करीब 79 वर्ष से करीब 5 सौ आबादी वाले इस टोले में नई नवेली दुल्हन व बेटी भी मुख्य सड़क से घर तक पैदल ही आती-जाती थी। इसके निदान के लिए बीते 10 वर्ष पूर्व युवाओं के दल ने पहल शुरू की। काफी मशक्कत के बाद जमीन मालिकों व प्रतिनिधियों की पहल से टोले में 4 फीट सड़क पहुंच सकी। उसके बाद बीते 3 वर्षों के प्रयास से अब यह टोला नहर के बांध से जुड़ गया। जिससे आसानी से पंचायत की मुख्य सड़क के साथ वैशाली के चिकनौटा एनएच-28 एवं मुजफ्फरपुर जिले के दुबहा तक जा सकेंगे। इसमें राम प्रसाद राय, जगदीश राय, अजीत सिंह, प्रीतम साह, मिथलेश साह, टुनटुन राय, भोला राय, विशन देव राय, अशर्फी दास, कमल किशोर राय, अशर्फी साह, शीतल साह समेत 2 दर्जन से अधिक लोगों ने जमीन दान दिया। जबकि पंकज कुमार, नंद कुमार राय, संजीत कुमार दास, अमीर लाल राय, प्रेमलाल राय, श्रवण कुमार दास,पवन कुमार दास, शंभू कुमार ठाकुर,चंदन ठाकुर, संतोष दास शिव प्रसाद सिंह, शिवदयाल सिंह समेत सैकड़ों लोगों ने आर्थिक सहयोग देकर अब मिटटीकरण सह ईंटकरण कर सड़क का निर्माण कर दिया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




