तितलियां बेहतरीन बायो-इंडिकेटर, जलवायु परिवर्तन के प्रभावों का अध्ययन में करेगा मदद
डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विवि, पूसा में बटरफ्लाई फील्ड डे का आयोजन हुआ। कुलपति डॉ. पीएस पांडेय ने कहा कि यह पारिस्थितिक संरक्षण का महत्वपूर्ण कदम है। तितलियों की 100 से अधिक प्रजातियों का समावेश किया गया है, जो कृषि रणनीतियों के लिए महत्वपूर्ण है। तितली उद्यान स्कूली छात्रों के लिए एक जीवित प्रयोगशाला बन गया है।

पूसा। डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विवि, पूसा में शुक्रवार को बटरफ्लाई फील्ड डे का आयोजन किया गया। विवि के बटरफ्लाई गार्डन व जैव विविधता पार्क में आयोजित समारोह में कुलपति डॉ. पीएस पांडेय ने कहा कि विवि में पहली बार बटरफ्लाई फील्ड डे का आयोजन हो रहा है। यह पारिस्थितिक संरक्षण प्रयासों में मील का पत्थर है। यहां वैज्ञानिकों और छात्रों के प्रयास से तितलियों की 100 से अधिक प्रजातियां शामिल हो सकी है। उन्होंने कहा कि तितलियां बेहतरीन बायो-इंडिकेटर होती हैं। यह पार्क हमें परागणकों के व्यवहार और जलवायु परिवर्तन के प्रभावों का अध्ययन करने में मदद करेगा। जो भविष्य की कृषि रणनीतियों के लिए अनिवार्य है।
कुलपति ने तितलियों के प्रजातियों की विस्तृत रिपोर्ट बनाने पर बल दिया। कुलसचिव डॉ. पीके प्रणव ने कहा कि तितली पार्क शोधकर्ताओं के साथ स्कूली छात्रों के लिए एक जीवित प्रयोगशाला बन गई है। यह आकर्षण का खास केंद्र है। निदेशक अनुसंधान डॉ. एके सिंह ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में प्रजातियों का पाया जाना पारिस्थितिकी तंत्र के अच्छे स्वास्थ्य का सूचक है। अनुसंधान की दृष्टि से यह उद्यान अत्यंत महत्वपूर्ण है। डीन डॉ. मयंक राय ने कहा कि तितली उद्यान को प्रयोगात्मक शिक्षा का केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। स्कूली छात्रों को दुर्लभ प्रजातियों की तितलियों को देख मिलने वाली खुशी विवि के लिए सबसे बड़ा पुरस्कार है। हमारा लक्ष्य इस जैव-विविधता पार्क का और विस्तार करना है। जिससे यह क्षेत्र प्रकृति संरक्षण के प्रमुख केंद्रों में से एक बन सके। मौके पर निदेशक डॉ. रामदत्त समेत डॉ. राकेश मणि शर्मा, डॉ. शिवपूजन सिंह, डॉ. महेश कुमार, डॉ. कुमार राज्यवर्धन आदि मौजूद थे।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


