
मनुष्य की भावनाएं अभिनय का मूल मंत्र : सोनल झा
बिहार की अभिनेत्री सोनल झा ने कहा कि अभिनय में मनुष्य की भावनाओं का महत्वपूर्ण योगदान होता है। डॉ.राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में दीक्षारंभ कार्यक्रम के दौरान उन्होंने छात्रों में अभिनय कौशल और अन्य सॉफ्ट स्किल्स के विकास पर जोर दिया। कुलपति ने छात्रों के सर्वांगीण विकास में दीक्षारंभ की भूमिका पर चर्चा की।
पूसा। बिहार की अभिनेत्री सोनल झा ने कहा कि मनुष्य की भावनायें अभिनय का मूलमंत्र है। इसमें शिक्षा का अहम योगदान है। वे डॉ.राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विवि में नव नामांकित छात्रों के लिए जारी दीक्षारंभ कार्यक्रम के दौरान छात्रों में अभिनय कौशल एवं अन्य सॉफ्ट स्किल के विकास पर आयोजित समारोह में बोल रही थी। थियेटर से जुड़े अभिनेता जावेद अख्तर ने थियेटर की बारीकियों को समझाते हुए कहा कि कला प्रदर्शन चुनौतीपूर्ण कार्य है। इसके लिए कलाकारों को उसके किरदार को समझना पड़ता है। इसमें दिल व दिमाग की एकाग्रता की भूमिका अहम है। थिएटर आर्टिस्ट एवं नृत्यांगना मोना झा ने नृत्य की बारिकियों से अवगत कराया।
बाद में कुलपति डॉ.पीएस पाण्डेय ने दीक्षारंभ के महत्व पर चर्चा करते हुए कहा कि बदलते समय में युवाओं में अनुशासन के साथ सभ्यता व संस्कृति का ज्ञान अवश्य होना चाहिए। दीक्षारंभ इसी कड़ी का हिस्सा है। जो स्वस्थ रखने के साथ रहन सहन, पठन-पाठन, छुपी प्रतिभा को निखारने समेत कई अन्य कार्यों की जानकारी देता है। दीक्षारंभ छात्रों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाता है। इसका असर छात्र जीवन भर महसूस करते हैं। इस दौरान छात्रों को विवि से गठित क्लबों से जोड़ा गया। इसमें स्पोर्ट्स क्लब, लिटरेरी क्लब, कल्चरल क्लब, आर्ट्स एंड क्राफ्ट क्लब आदि शामिल है। मिली जानकारी के अनुसार दीक्षारंभ 13 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा। जिसका समापन प्रदक्षिणा समारोह से होगा। इसमें छात्रों को राष्ट्र सेवा और देशभक्ति से जुड़ी शपथ दिलाई जाएगी। बाद में छात्रों का रेगुलर क्लास शुरू होगा। जिसका एकेडमिक कैलेंडर जारी किया गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




