ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार समस्तीपुरसमस्तीपुर रेल मंडल का भूगोल बदले की हो रही तैयारी

समस्तीपुर रेल मंडल का भूगोल बदले की हो रही तैयारी

बरौनी से सेमापुर रेल खंड देने का समस्तीपुर ने भी भेजा प्रस्ताव

समस्तीपुर रेल मंडल का भूगोल बदले की हो रही तैयारी
हिन्दुस्तान टीम,समस्तीपुरTue, 20 Nov 2018 07:11 PM
ऐप पर पढ़ें

बरौनी से सेमापुर रेल खंड देने का समस्तीपुर ने भी भेजा प्रस्ताव

समस्तीपुर(समस्तीपुर) | हिन्दुस्तान संवाददाता

समस्तीपुर रेल मंडल का भूगोल बदलने की तैयारी हो रही है। रेलवे के मुख्यालय स्तर पर इसको लेकर बड़ी रणनीति बनायी जा रही है। समस्तीपुर रेल मंडल और सोनपुर रेल मंडल ने रेल खंड के बंटवारे को लेकर अपना-अपना प्रस्ताव भी भेज दिया है। दोनों मंडल ने अपने अपने क्षेत्र के भूगोल (रेलवे क्षेत्र) की चर्चा भी की है। इस मामले में फिलहाल कोई भी रेल अधिकारी कुछ भी खुल कर या निर्धारित समय को लेकर कुछ बोलने को तैयार नहीं हैं। हालांकि समस्तीपुर डीआरएम आरके जैन ने बताया कि मामला अभी प्रारंभिक प्रक्रिया में है। दोनों रेल मंडलों ने अपना-अपना प्रस्ताव भेजा है। फिलहाल अभी कुछ स्पष्ट नहीं है।

कपरपुरा से पनियहवा स्टेशन सोनपुर में हो सकता मर्ज : रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार समस्तीपुर रेल मंडल के मुजफ्फरपुर स्टेशन के बाद कपरपुरा से पनिययहवा तक और नरकटियागंज से भिखनाठोरी तक के रेल खंड को सोनपुर रेल मंडल में मिलाया जा सकता है। इन दोनों रेलखंडों में छोटे-बड़े स्टेशन व हॉल्ट मिलाकर कुल 41 स्टेशन हैं। फिलहाल इसको लेकर सोनपुर रेल मंडल ने मुख्यालय को अपना प्रस्ताव भी भेजा है।

समस्तीपुर ने मांगा बरौनी से सेमापुर तक का रेलखंड : कपरपुरा से पनियामा रेल खंड के बदले समस्तीपुर रेल मंडल ने बरौनी से सेमापुर तक के रेलखंड को समस्तीपुर मंडल ने अपने क्षेत्र में मांगा है। ताकि इस रेलखंड को समस्तीपुर में जोड़ा जा सके। फिलहाल यह रेलखंड सोनपुर रेल मंडल के अधीन है। समस्तीपुर रेल मंडल ने भी रेल मुख्यालय को अपना प्रस्ताव भेजा है।

दोनों मंडल का है अपना-अपना तर्क : दोनों रेल मंडलों ने अपना अपना तर्क भी मुख्यालय को भेजा है। रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार कपरपुरा से पनियहवा रेलखंड का निरीक्षण करने में समस्तीपुर रेल प्रशासन को मुजफ्फरपुर होकर जाना पड़ता है। वहीं बरौनी से सेमापुर तक निरीक्षण करने में सोनपुर रेल मंडल को बेगूसराय होकर जाना पड़ता है। जबकि पूर्णिया तक निरीक्षण करने के लिए भी समस्तीपुर रेल प्रशासन को जाना पड़ता है। बरौनी से सेमापुर तक मिल जाने पर समस्तीपुर रेल प्रशासन को एक साथ निरीक्षण करने में सुविधा होगी। वहीं समस्तीपुर जिला के कर्पूरीग्राम, खुदीराम बोस पूसा, नजीरगंज, उजियारपुर, दलसिंहसराय को भी समस्तीपुर को देने का प्रस्ताव है।

रेलखंड का हो चुका है निरीक्षण : रेलवे के संभावित भूगोल बदलने की तैयारी को लेकर पिछले दिनों सोनपुर और समस्तीपुर रेल मंडल ने संयुक्त रूप से कपरपुरा पनियहवा रेल खंड का निरीक्षण भी कर चुके हैं। जिसके बाद कई प्रकार के कयास लगाए जा रहे हैं। वहीं कई राजनीतिक पार्टी भी इसको राजनीतिक रंग देकर अपनी राजनीति सेंकने में लगे हैं। अब देखना यह है कि आने वाले समय समस्तीपुर रेल मंडल के भूगोल का क्या हो सकता है।

'फिलहाल ऐसा कोई ठोस निर्णय नहीं हुआ है। दोनों रेल मंडल ने अपना-अपना प्रस्ताव भेजा है। निर्णय मुख्यालय और बोर्डस्तर से होना है। फिलहाल दोनों तरफ से अपनी रणनीति बनाई गई है। रेलवे के हिसाब से अभी केवल रणनीति पर विचार चल रहा है।'

-आरके जैन, डीआरएम, समस्तीपुर।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें