Samastipur Jamui Case LIVE: जमुई-समस्तीपुर के बाद बांका में लड़की से बदसलूकी, वीडियो की जांच शुरू

लाइव हिन्दुस्तान
share

Samastipur Jamui Case LIVE: जमुई के बाद समस्तीपुर में एक छात्रा के साथ मनचलों ने हैवानित का खेल खेला और घटना का वीडियो वायरल कर दिया। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अब बांका से भी ऐसा ही वीडियो आया है, जिसमें मंदार पर्वत पर एक लड़की से छेड़खानी की गई। 

जमुई और समस्तीपुर में छात्रा के साथ खुलेआम बदतमीजी
जमुई और समस्तीपुर में छात्रा के साथ खुलेआम बदतमीजी

Samastipur Jamui Case LIVE: बिहार के समस्तीपुर में जमुई जैसा कांड सामने आया है। एक नाबालिग लड़की को मनचलों ने बीच सड़क पर पकड़ लिया और उसके साथ हैवानियत का खेल खेला। घटना जगतसिंहपुर गांव स्थित बांध बाईपास रोड की है जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कांड दर्ज किया और वीडियो से पहचान करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह वीडियो करीब एक सप्ताह पुराना बताया जा रहा है। इस वजह से पीड़िता की पहचान नहीं हो पाई है।

वहीं, बांका जिले के मंदार पर्वत का भी एक वीडियो वायरल हो गया है, जिसमें कुछ लड़के नाबालिग लड़की के साथ बदसलूकी करते हुए नजर आ रहे हैं। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घटना कुछ महीने पहले की बताई जा रही है।

पुलिस मुख्यालय से बताया गया है कि घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए छह घंटे के भीतर पॉक्सो, बीएनएस और आईटी एक्ट की धाराओं में प्राथिकी दर्ज कर कार्रवाई तेज कर ली गई है। गिरफ्तार आरोपी समस्तीपुर के कर्पूरीग्राम थाना अंतर्गत जगतसिंहपुर गांव के विकास कुमार, राहुल कुमार, रामबाबू सहनी और बिजौलिया गांव के अवधेश पासवान बताए जा रहे हैं। पुलिस पीड़िता की पहचान कर जानकारी हासिल करने में जुट गई है।

इससे पहले जमुई में मड़वा पहाड़ी इलाके में 19 सितम्बर की शाम को सहपाठी के साथ जा रही छात्रा के साथ हवसी भीड़ में शामिल बदमाशों ने घेरकर खुलेआम नंगा नाच किया। पुलिस ने उस कांड के मुख्य आरोपी नंदन यादव का हाफ एनकाउंटर कर दिया। अन्य आरोपी हरेराम यादव समेत तीन नाबालिगों को भी दबोच लिया है।

Samastipur Jamui Case LIVE Updates:-

07:37 PM Samastipur Jamui Case LIVE: अब बांका में छात्रा से बदसलूकी, केस दर्ज

जमुई और समस्तीपुर के बाद अब बांका में एक लड़की से छेड़छाड़ का वीडियो वायरल हुआ है। वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार वीडियो अप्रैल का बताया जा रहा है। अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर दिया गया है।

07:31 PM Samastipur Jamui Case LIVE: जमुई कांड के आरोपियों को 15 दिनों में होगी सजा

जमुई के डीएम और एसपी ने दावा किया है कि छात्रा से छेड़खानी के मामले का स्पीडी ट्रायल कराया जाएगा। कोर्ट से समन्वय बनाकर 15-20 दिनों में आरोपियों को सजा दिलाई जाएगी। इसके लिए दो नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है, इसमें एक आईएएस और आईपीएस को जिम्मेदारी दी गई है। दोनों अधिकारी महिलाएं हैं। पूरी खबर पढ़ें।

06.17 PM: Samastipur Jamui Case LIVE: मधेपुरा के वायरल वीडियो को एसपी ने बताया भ्रामक, नोटिस जारी

उदाकिशुनगंज अनुमंडल क्षेत्र के उदा उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय के बाहर छात्र-छात्राओं के बीच विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने और उसे जमुई और समस्तीपुर जैसी घटना से जोड़े जाने के बाद पुलिस महकमा हरकत में आ गया है। एसपी संदीपी सिंह ने गुरुवार को मौके पर पहुंच कर पूरे मामले की तहकीकात की। उन्होंने बताया कि उदा उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय के बाहद छात्राओं के साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़ की घटना नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचना प्रसारित करने के मामले में कुछ लोगों को नोटिस भेजा गया है।

04.37 PM: Samastipur Jamui Case LIVE: जमुई बदसलूकी के गुनाहगारों पर चलेगा स्पीडी ट्रायल

जमुई के डीएम नवीन कुमार ने बताया है कि छात्रा के साथ बदसलूकी के गुनाहगारों को स्पी ट्रायल से सजा दिलाई जाएगी। अनुसंधान में तेज तर्रार पदाधिकारियों को तैनात किया गया है। नंदन यादव की स्थिति ठीक होते ही कोर्ट में उसे पेश किया जाएगा।

03.46 PM: Samastipur Jamui Case LIVE: तेजस्वी यादव ने शांभवी चौधरी पर लगाया आरोप

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने समस्तीपुर की सांसद शांभवी चौधरी पर आरोप लगाया है कि उनके क्षेत्र में छात्रा के साथ हुई छेड़खानी के गुनाहगारों का नाम छिपाया है। महिला और युवा सांसद शांभवी चौधरी ने शातिरपन और चालाकी का प्रदर्शन करते हुए अपने फेसबुक पेज पर बिहार पुलिस द्वारा अभियुक्तों के नाम सहित जारी प्रेस रिलीज में से अपनी सहूलियत और सुविधानुसार आरोपियों के नाम काट कर पोस्ट किया है।

03.40 PM: Samastipur Jamui Case LIVE: घटनाएं तो अमेरिका, जापान में भी होती हैं

समस्तीपुर लड़की से छेड़खानी की घटना पर मंत्री अशोक चौधरी ने कहा है कि घटनाएं अमेरिका और जापान में भी होती है। यह जानना जरूरी है कि घटनाओं के बाद सरकार कार्रवाई क्या करती है। कोई यह नहीं कह सकता कि घटना नहीं होंगी। लेकिन, नीतीश कुमार के समय से ही बिहार सरकार का यह संकल्प है कि ऐसे दुष्टों को उचित कार्रवाई करके सजा दिलाई जाए

03.35 PM: Samastipur Jamui Case LIVE: समस्तीपुर की घटना शर्मनाकः चिराग पासवान

समस्तीपुर में छेड़खानी के वायरल वीडियो मामले में लोजपा रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने प्रतिक्रिया दी है। सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर उन्होंने कहा कि बिहार में जमुई के बाद अब समस्तीपुर में जो छेड़खानी की घटना सामने आई है वो बेहद शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण है। अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि सरेआम बच्चियों के साथ अमानवीय व्यवहार कर रहे है, ये हम सभी के लिए चिंता का विषय है। यह कानून-व्यवस्था और प्रशासन की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

03.23 PM: Samastipur Jamui Case LIVE: समस्तीपुर के गुनाहगार नहीं बचेंगेः श्रवण कुमार

समस्तीपुर में नाबालिग लड़की से छेड़खानी और बदसलूकी की घटना पर बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने चिंता जताई है। घटना की निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि घटना बहुत ही दुखद है इस तरह के विकृत मानसिकता के जो लोग हैं, ऐसे लोगों के खिलाफ अभियान चलाकर सरकार सख्त से सख्त कार्रवाई करने का काम करेगी। किसी भी स्थिति में गुनाहगार नहीं बचेंगे। सरकार उके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी।

03.03 PM: Samastipur Jamui Case LIVE:समस्तीपुर छेड़खानी की पड़िता की हुई पहचान

समस्तीपुर में छात्रा के साथ सरेआम छेड़खानी और हैवानियत कांड में एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने कहा है कि पीड़िता की भी पहचान हो गई है। उनके परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। पुलिस पीड़िता को विश्वास में ले रही है ताकि पूरी बात सामने आए। उन्होंने कहा कि कानूनी तौर पर उनकी पहचान गुप्त रखी जा रही है। मीडिया के लोग भी किसी भी प्रकार से पीड़िता की पहचान नहीं बताएं।

02.24 PM: Samastipur Jamui Case LIVE: नंदन यादव की पेशी अबतक नहीं

जमुई में छात्रा के साथ हैवानियत के मुख्य आरोपी नंदन यादव की पेशी अबतक कोर्ट में नहीं हुई है। गिरफ्तारी के दौरान उसका हाफ एनकाउंटर पुलिस ने कर दिया था। कड़ी सुरक्षा के बीच उसका इलाज सदर अस्पताल में कराया जा रहा है।

02.19 PM: Samastipur Jamui Case LIVE: आम जन पुलिस प्रशासन को सहयोग दें

पूर्वमंत्री श्याम रजक ने समस्तीपुर में लड़की से छेड़खानी की वारदात और वीडियो वायरल करने पर कहा है कि पुलिस अपने स्तर से कार्रवाई कर रही है। लोगों को भी इसमें सहयोग करना चाहिए कि ऐसी वारदात नहीं हो।

01.45 PM: Samastipur Jamui Case LIVE: मुजफ्फरपुर में छात्रा को घसीटकर ले जा रहा था मनचला

मुजफ्फरपुर शहर के चंदवारा इलाके में शोहदे ने एक नाबालिग छात्रा से छेड़खानी कर उसे उठाकर ले जाने की कोशिश की। बदमाश उसे घसीट कर ले जरा था और विरोध करने पर रॉड से हमला कर दिया। छात्रा को बचाने आई दो छोटी बहनों पर भी रॉड से वार किए गए। मोहल्ले के लोगों ने शोहदे को घेरकर पकड़ा और पुलिस के हवाले कर दिया।

01.43 PM: Samastipur Jamui Case LIVE: सांसद शांभवी चौधरी ने क्या ट्वीट

समस्तीपुर के कर्पूरीग्राम में हमारी एक बहन के साथ हुई बदसलूकी की घटना बेहद निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है। हमें कल देर रात इस घटना की जानकारी मिली। इसके बाद से ही हम लगातार पुलिस अधीक्षक एवं प्रशासन के संपर्क में हैं और मामले में त्वरित कार्रवाई के लिए बात की। वीडियो के आधार पर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

01.40 PM: Samastipur Jamui Case LIVE: तेजस्वी यादव ने सरकार पर किया हमला

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कानून व्यवस्था को लेकर प्रदेश सरकार पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गई। पटना में पूर्व वार्ड पार्षद को घर में घुसकर गोली मारी गई। जब पटना में कोई सुरक्षित नहीं, अन्य जिलों में क्या होगा। इस मामले के दोषियों को कड़ी सजा मिले। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार भगवान भरोसे है। सरकार मन कोई देखने वाला नहीं है। पुलिस प्रशासन एक जाति विशेष को देखकर गोली मार रही है। कोई भी कांड हो बहाना बनाकर एक जाति विशेष को फंसाया जा रहा है।

01.39 PM: Samastipur Jamui Case LIVE: बिहार पुलिस मुख्यालय ने बड़ा कदम उठाया

बिहार पुलिस मुख्यालय में अवस्थित सभी कार्यालयों में कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीड़न से संबंधित मामलों की जांच को लेकर आंतरिक परिवाद समिति का पुनर्गठन किया गया है। एआईजी (कल्याण) स्मिता सुमन इसकी अध्यक्ष बनाई गई है। चार सदस्यों में एएसपी सुमित कुमार, डीएसपी स्वाति कृष्णा, इंस्पेक्टर अजीत कुमार और गैर सरकारी संगठन की गुंजन बिहारी को रखा गया है। इनके नाम, नंबर व ई-मेल आईडी सार्वजनिक करने के निर्देश दिए गये हैं।

01.34 PM: Samastipur Jamui Case LIVE: मधेपुरा का वीडियो भी वायरल

मधेपुरा के उदाकिशुनगंज का एक वीडियो वायरल हो रहा है । इस मामले पुलिस मुख्यालय ने कहा कि सत्यापन में पता चला है कि वायरल वीडियो 22 सितंबर का उदा उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, उदाकिशुनगंज के बाहर का है। उक्त विद्यालय में अर्द्धवार्षिक परीक्षा का संचालन हो रहा था। प्रथम पाली की परीक्षा समाप्ति के बाद जब छात्र-छात्राएं स्कूल से बाहर निकलकर अपने घर जा रहे थे तो रास्ते में स्कूल के बाहर सड़क पर एक लड़का मोटरसाइकिल लगाकर खड़ा था। स्कूल के किसी छात्रा से मिलने आने के संदेह होने पर स्कूल के नाबालिग छात्रों के द्वारा पूछताछ किया जा रहा था। इसी क्रम में स्कूल के अन्य छात्र-छात्राएं वहां पर आ गये और आपस में बहस करते हुए विवाद करने लगे। इस बात की सूचना पर स्कूल के शिक्षक भी वहां आ गये और सभी छात्र-छात्राओं को समझा-बुझाकर वहां से हटा दिये। इस बहसा-बहसी के दौरान छेड़खानी या कोई अप्रिय घटना घटित नहीं हुई है। वीडियो में दिख रहे सभी नाबालिग बच्चे को चिन्हित कर लिया गया है एवं उनके परिजनों को नोटिस दिया गया है। जेजे एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।

01.29 PM: Samastipur Jamui Case LIVE: सरकार को बदनाम करने की साजिश

मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा है कि जमुई और समस्तीपुर की घटनाएं सरकार को बदनाम करने की साजिश है। जब कोई अपराध करता है तो उसका वीडियो नहीं बनाता है और वायरल भी नहीं करता है। जरुर दाल में कुछ काला है। पूरी खबर पढ़ें।

01.26 PM: Samastipur Jamui Case LIVE: सोशल मीडिया पर शेयर ना करें

पीड़िता प्रथम दृष्टया नाबालिग बताई जा रही है। समस्तीपुर पुलिस ने पीड़िता की पहचान उजागर करने वाले अथवा पीड़िता के लिए मानसिक एवं सामाजिक क्षति पहुंचाने वाले पोस्ट व कंटेंट सोशल मीडिया पर शेयर करने से बचने की अपील की है।

01.23 PM: Samastipur Jamui Case LIVE: वीडियो एक सप्ताह पुराना

समस्तीपुर में नाबालिग के साथ सड़क पर बदसलुकी की घटना पुर पुलिस मुख्यालय ने बताया कि वीडियो करीब एक सप्ताह पुराना बताया जा रहा है। तत्काल पीड़िता की पहचान स्थापित नहीं हो पाने तथा घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस पदाधिकारी के बयान के आधार पर ही बीएनएस, पॉक्सो एवं आईटी एक्ट की सुसंगत धाराओं में 24 सितंबर को कर्पूरीग्राम थाना में केस दर्ज किया गया है। कांड में संलिप्त सभी अभियुक्तों की पहचान करते हुए सूचना मिलने के छह घंटे के भीतर ही कांड में सम्मिलित सभी चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनकी पहचान समस्तीपुर के कर्पूरीग्राम थाना अंतर्गत जगतसिंहपुर गांव के विकास कुमार, राहुल कुमार, रामबाबू सहनी और बिजौलिया गांव के अवधेश पासवान के रूप में हुई है।

Sudhir Kumar

लेखक के बारे में

Sudhir Kumar

टीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar NewsLIVE: जमुई-समस्तीपुर के बाद बांका में लड़की से बदसलूकी, वीडियो की जांच शुरू