किशनगंज में जीजा-साला की दर्दनाक मौत, डोली निकलने के अगले दिन बेवा हुई दुल्हन; कोहराम मचा
किशनगंज में ट्रैक्टर पलटने से दो लोगों की मौत हो गई। मरने वाला साला और जीजा थे। शादी के अगले दिन ही दुल्हन विधवा हो गई।

बिहार के किशनगंज में मेहदी की लाली सूखने से पहले ही एक दुल्हन बेवा हो गयी। एक दिन पहले वह अपने बाबुल के घर से विदा हुई थी। अगले दिन काल ने उसका सुहाग छीन लिया। घटना गुरुवार की सुबह बहादुरगंज-अररिया मुख्य सड़क एनएच 327 ई बहादुरगंज थाना अंतर्गत पतलू चौक के समीप हुए हुई जब सड़क हादसे में दो व्यक्ति अकबर अली उर्फ चांद (32) व साहिल (18) की मौत हो गई ।
दुल्हन की बदनीसीबी यहीं खत्म नहीं हुई। मृतक रिश्ते में साला-बहनोई थे। यानि एक साथ उसका पति और भाई दोनों दुनिया छोड़कर चला गया। जानकारी के अनुसार बिशनपुर पंचायत के वार्ड संख्या 04 बिशनपुर बस्ती निवासी अकबर अली उर्फ चांद, हार्डवेयर दुकानदार का ट्रैक्टर चालक था। बुधवार शाम को ही सुपौल के थुम्हा वार्ड नम्बर 6, से शादी करके अपने घर बिशनपुर बस्ती लौटा था। गुरुवार की सुबह किसी काम से ट्रैक्टर लेकर रवाना हुए तो साथ में दुलहन के साथ सुपौल से आया उसका भाई साहिल को भी ट्रैक्टर में बैठा था। एनएच-327 ई. में पतलु चौक मदरसा से पश्चिम में अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर हाईवे सड़क के नीचे पलट गया जिससे मौके पर ही अकबर अली उर्फ चांद की मौत हो गई। जबकि 18 वर्षीय साहिल को गंभीर अवस्था में राहगीरों की मदद से सदर अस्पताल लाया गया जहां उसकी भी मौत हो गई।
स्थानीय सद्दाम भारती ने बताया कि ट्रैफिक थाना किशनगंज से कागजी प्रक्रिया कराकर दोनों मृतक के परिजनों के आग्रह पर शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। ग्रामीणों ओर परिजनों ने दोनों मृतकों के परिजनों के लिए सरकार के मुआवजे की मांग की है। मृतक अकबर अली उर्फ चांद और उसका साला साहिल का परिवार काफी निर्धन है। इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में गम का माहौल है। सबकी जुबान पर एक ही बात है कि कल डोली उठी, दुल्हन लेकर घर आया और आज दुनिया से रुखसत हो गया।
सदर अस्पताल में उप प्रमुख सद्दाम भारती, डॉक्टर नूर आलम, वार्ड सदस्य इंजीनियर कृष्णा कुमार पप्पू रजक, नूर अख्तर, मिंटु साह, नेहाल अख्तर मुन्ना, यासिर अराफात, रौनक आलम मौजूद थे। साथ ही मृतक के भाई बाबर अली, जाफर आलम, मृतक की बहन सहित सभी परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। ट्रैफिक थाना किशनगंज की ओर से एएसआई सूरज कुमार शव का पंचनामा कराया। कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद अकबर अली उर्फ चांद के शव को बिशनपुर तथा उसके साला साहिल के शव को सुपौल भेजने की प्रक्रिया की गई।
लेखक के बारे में
Sudhir Kumarटीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।
और पढ़ें

