
मतदाता जागरूकता हेतु जीविका दीदियों का स्वीप कार्यक्रम का आयोजन
संक्षेप: सहरसा में 2025 विधानसभा आम निर्वाचन के लिए मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देने हेतु जीविका दीदियों ने भगवानपुर में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया। इस मौके पर सैकड़ों महिलाएं उपस्थित थीं। जीविका दीदियों ने...
सहरसा, हमारे प्रतिनिधि। विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के तहत मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज ग्राम भगवानपुर, पंचायत बघवा, प्रखंड सिमरी बख्तियारपुर में जीविका दीदियों द्वारा एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जीविका जिला परियोजना प्रबंधक श्लोक कुमार ने की। इस अवसर पर सैकड़ों जीविका दीदिया, ग्राम संगठन की सदस्याए एवं ग्रामीण महिलाए उत्साहपूर्वक उपस्थित थीं। कार्यक्रम की शुरुआत लोकतंत्र के इस महापर्व में सभी की भागीदारी सुनिश्चित करने के संकल्प के साथ हुई। जीविका दीदियों ने मतदाता जागरूकता संदेशों से सुसज्जित आकर्षक रंगोली बनाई, जिनमें पहले मतदान, फिर जलपान और एक वोट, एक जिम्मेदारी जैसे नारे प्रमुख आकर्षण रहे।

इसके पश्चात जीविका दीदियों ने ढोल- नगाड़ों और नारों के साथ पूरे गांव में जागरूकता रैली निकालकर लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान आयोजित मतदाता शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित सभी जीविका दीदियों एवं ग्रामीणों ने मतदान करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की शपथ ली। इस अवसर पर डीपीएम श्लोक कुमार ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शत-प्रतिशत मतदान अत्यंत आवश्यक है। जीविका दीदिया अपने-अपने क्षेत्रों में हर पात्र मतदाता तक पहुचकर उन्हें मतदान हेतु प्रेरित करें। उन्होंने बताया कि सहरसा जिले में जीविका के सामुदायिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी से स्वीप कार्यक्रम को नई गति मिली है, जिससे महिलाए लोकतंत्र की सशक्त भागीदार बन रही हैं। उनके इस योगदान से निश्चित रूप से इस बार मतदान प्रतिशत में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




