भू- विवाद में बालक की हुई मौत, हत्या का आरोप
बिहरा थाना क्षेत्र के नन्दलाली गांव में 12 वर्षीय नीरज कुमार की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई है। पिता ने सात लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। नीरज की गर्दन में रस्सी बांधकर हत्या की गई। परिजनों का कहना है कि जमीन विवाद के कारण जान से मारने की धमकी मिलती थी।

सत्तर कटैया, एक संवाददाता। बिहरा थाना क्षेत्र के नन्दलाली गांव में 12 वर्षीय बालक नीरज कुमार की संदिग्ध मौत के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक के पिता रंजीत यादव ने बिहरा थाना में आवेदन देकर सात लोगों पर बेटे की हत्या कर फांसी से लटकाने का आरोप लगाया है। आवेदन में कहा गया है कि रविवार दोपहर घर के पास बने कमरे में नीरज की गर्दन में रस्सी बांधकर हत्या कर दी गई। पिता ने बताया कि छह धूर जमीन को लेकर पटेदारों से लंबे समय से विवाद चल रहा था तथा जान से मारने और बर्बाद करने की धमकी भी दी जाती थी。
आरोपियों की पहचान
मामले में अनडुत यादव, गजेन्द्र यादव, कार्तिक यादव, पप्पी यादव, श्याम यादव, चुनचुन यादव और गांधी यादव को नामजद आरोपी बनाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही बिहरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर संजय कुमार सत्यार्थी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर हर बिंदु पर जांच की जा रही है। घटना के बाद आरोपी पक्ष घर छोड़कर फरार बताया जा रहा है। समाचार प्रेषण तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।
परिवार का दुख
मृत छात्र की मां की चीख से गूंज उठा घर: नन्दलाली गांव में नीरज की मौत के बाद घर में मातमी सन्नाटा पसरा है। मां संगीता देवी बेटे की मौत से बेसुध हो गईं। वह रोते हुए कह रही थीं कि “कुछ धूर जमीन के लिए मेरे चिराग को बुझा दिया गया।” आसपास की महिलाएं उन्हें ढांढस बंधाने में जुटी थीं।
नीरज का परिचय
आठवीं का छात्र था नीरज: परिजनों ने बताया कि नीरज गांव के स्कूल में आठवीं कक्षा का छात्र था। वह पढ़ाई में तेज और स्वभाव से शांत था। घटना के बाद पिता रंजीत यादव और छोटा भाई धीरज का रो - रोकर बुरा हाल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। पूरे गांव में घटना चर्चा का विषय बनी हुई है。
सामान्य प्रश्न
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


