कपड़ा पट्टी में जाम से शहर बेहाल, पैदल चलना भी मुश्किल
सहरसा में जाम की समस्या आम लोगों के लिए परेशानी बन गई है। कपड़ा पट्टी क्षेत्र में वाहनों की लंबी कतार और दुकानों के बाहर पार्किंग विवाद के कारण स्थिति गंभीर हो गई है। महिलाओं और बच्चों को खासकर अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोग प्रशासन से समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं।

सहरसा, हमारे प्रतिनिधि। शहर में इन दिनों जाम की समस्या आम लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनती जा रही है। मुख्य सड़कों से लेकर ब्रांच रोड तक हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है। हालात ऐसे हो गए हैं कि कई जगहों पर लोगों को पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। सबसे अधिक खराब स्थिति शहर के कपड़ा पट्टी इलाके की है, जहां दिनभर वाहनों की लंबी कतार और भीड़भाड़ देखने को मिलती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि थोड़ी सी भी भीड़ बढ़ते ही सड़क पूरी तरह जाम हो जाती है और लोगों को घंटों तक फंसे रहना पड़ता है।
कपड़ा पट्टी क्षेत्र में कई दुकानदारों ने सड़क से सटाकर दुकानें बना ली हैं। इतना ही नहीं, कई दुकानों का सामान नाले तक फैला रहता है, जिससे सड़क की चौड़ाई काफी कम हो गई है। खरीदारी करने आने वाले ग्राहक मजबूरी में दुकानों के सामने ही सड़क पर अपनी बाइक खड़ी कर देते हैं। ऐसे में अगर गलती से कोई चारपहिया वाहन सड़क में प्रवेश कर जाता है तो जाम की स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। कई बार तो घंटों तक वाहन रेंगते रहते हैं और लोग जाम में फंसे रहते हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना किसी योजना के इलाके में बड़े-बड़े होलसेल और दुकानें खोल दी गई हैं, लेकिन ग्राहकों के लिए पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं की गई। न ही यहां सार्वजनिक शौचालय की सुविधा उपलब्ध है। इसके कारण बाजार में आने वाले लोगों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ता है।महिलाओं और बच्चों को होती है सबसे ज्यादा दिक्कत: बाजार की अव्यवस्था का सबसे ज्यादा असर महिलाओं और बच्चों पर पड़ रहा है। बाजार में शौचालय की व्यवस्था नहीं होने के कारण महिलाओं को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। कई बार आकस्मिक स्थिति में उन्हें इधर - उधर जगह तलाशनी पड़ती है, जो बेहद असुविधाजनक स्थिति होती है। इसके अलावा सड़क पर वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग और भीड़भाड़ के कारण बच्चों के साथ बाजार आने वाली महिलाओं को काफी सतर्क रहना पड़ता है। कई बार भीड़ और जाम के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।पार्किंग विवाद से बढ़ती है तकरार: कपड़ा पट्टी में जाम की समस्या के साथ-साथ पार्किंग को लेकर विवाद भी आम हो गया है। कई बार ग्राहक अपनी बाइक किसी दुकान के सामने खड़ी कर देते हैं, जिससे दुकानदार नाराज हो जाते हैं और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो जाती है।स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन द्वारा बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने, पार्किंग की व्यवस्था करने और यातायात प्रबंधन की उचित योजना बनाई जाए तो जाम की समस्या काफी हद तक कम हो सकती है। लोगों ने प्रशासन से जल्द ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि शहरवासियों को इस रोजमर्रा की परेशानी से राहत मिल सके।ईद को लेकर बढ़ी भीड़: ईद नजदीक होने के कारण कपड़ा पट्टी में खरीदारी के लिए लोगों की सुबह से लेकर देर रात तक आवाजाही बनी रहती है। बढ़ती भीड़ और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण जाम की समस्या और गंभीर हो जाती है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


