टीपीडीएस गोदामों में तौल गड़बड़ी

May 06, 2026 10:30 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, सहरसा
share

सहरसा में टीपीडीएस गोदामों में माप-तौल प्रणाली में गंभीर लापरवाही सामने आई है। माप-तौल निरीक्षक की रिपोर्ट के आधार पर जिला प्रबंधक को पत्र जारी किया गया था, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई है। सत्यापन न होने से खाद्यान्न वितरण में गड़बड़ी की आशंका है। स्थानीय लोग प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं।

टीपीडीएस गोदामों में तौल गड़बड़ी

सहरसा, संवाद सूत्र। जिले के टीपीडीएस गोदामों में माप- तौल व्यवस्था को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। जिला आपूर्ति शाखा द्वारा माप- तौल निरीक्षक के प्रतिवेदन के आधार पर राज्य खाद्य निगम के जिला प्रबंधक को पत्र जारी किया गया था, लेकिन इतने दिन बीतने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे खाद्यान्न वितरण प्रणाली की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के अनुसार, समाहरणालय सहरसा से पत्रांक 430 (21 अप्रैल 2026) के माध्यम से जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने गोदामों में लगे तौल उपकरणों के सत्यापन का निर्देश दिया था। इससे पूर्व माप - तौल निरीक्षक के 8 अप्रैल 2026 के प्रतिवेदन में स्पष्ट उल्लेख था कि कई गोदामों में बिना सत्यापन के तौल मशीनों का उपयोग किया जा रहा है, जो माप-तौल अधिनियम 2009 का उल्लंघन है और दंडनीय भी है।

पत्र में संबंधित गोदामों पर कार्रवाई कर इसकी सूचना उपलब्ध कराने को कहा गया था, लेकिन अब तक न तो सत्यापन हुआ और न ही दोषियों के खिलाफ कोई कदम उठाया गया। इस लापरवाही का असर सीधे खाद्यान्न वितरण पर पड़ रहा है। डीलरों का कहना है कि सत्यापन नहीं होने से औसत वजन के आधार पर अनाज मिल रहा है, जिससे वास्तविक मात्रा में अंतर की आशंका बनी हुई है। इससे लाभुकों को मिलने वाले राशन में गड़बड़ी हो सकती है। माप- तौल निरीक्षक विनय कुमार ने भी पुष्टि की कि अब तक किसी भी गोदाम के कांटे का सत्यापन नहीं कराया गया है। स्थानीय लोगों और डीलरों ने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप की मांग की है, ताकि व्यवस्था में सुधार लाया जा सके।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।