जमीन विवाद को लेकर मारपीट और गोलीबारी, दो घायल
सहरसा के हकपाड़ा में जमीन विवाद को लेकर गुरुवार रात मारपीट और गोलीबारी की घटना हुई। गोलीबारी में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से कारतूस का खोखा बरामद किया...

सहरसा, नगर संवाददाता। सदर थाना क्षेत्र के हकपाड़ा में गुरुवार देर रात जमीन विवाद को लेकर गंभीर रूप से मारपीट और गोलीबारी की घटना हुई। गोलीबारी में किसी को गोली नहीं लगी है। मारपीट में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से कारतूस का खोखा बरामद किया है और मामले की जांच में जुट गई है। घटना का कारण जमीन पर चाहरदीवारी निर्माण को लेकर पहले से चला आ रहा विवाद बताया जा रहा है। हकपाड़ा निवासी पिंटु साह ने बताया कि 17 जुलाई से वह विवादित जमीन पर चाहरदीवारी का निर्माण कार्य करवा रहे थे।
इस दौरान लक्ष्मीनगर निवासी विपिन यादव, जरसैन निवासी रमेश यादव और हकपाड़ा निवासी मुकेश यादव ने आकर काम रुकवाने की धमकी दी और 10 लाख की रंगदारी मांगी। पिंटु साह ने कहा कि 19 जुलाई को चाहरदीवारी तोड़ दी गयी थी। उन्होंने दोबारा काम शुरू कर दिया और निर्माण की निगरानी करने लगे। गुरुवार की रात पीड़ित पिंटु साह का भाई अरुण कुमार साह, चचेरा भाई अंकित कुमार, पुरुषोत्तम कुमार और शंकर साह निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान विपिन यादव समेत नामजद लोगों के साथ करीब 8-10 अज्ञात युवक, एक चार चक्का वाहन और कई बाइक से वहां पहुंचे। जान मारने की नीयत से गोलीबारी शुरू कर दी। हालांकि कोई गोली किसी को नहीं लगी, लेकिन हमलावरों ने पिंटु साह और शंकर साह के साथ बुरी तरह मारपीट की, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। साथ ही पीड़ितो का वाहन भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना की सूचना पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। पुलिस को घटनास्थल से कारतूस का खोखा बरामद हुआ है। जख्मी पिंटु साह के फर्द बयान के आधार पर विपिन यादव, रमेश यादव, मुकेश यादव सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


