उप-प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव खारिज
सलखुआ प्रखंड के उप-प्रमुख बाबूलाल यादव का अविश्वास प्रस्ताव बुधवार को विफल हो गया। बैठक में पंचायत समिति सदस्य नहीं पहुंचे, जिससे प्रस्ताव स्वतः गिर गया। अधिकारियों ने एक घंटे तक सदस्यों का इंतजार किया, लेकिन कोई नहीं आया। उप-प्रमुख ने समर्थकों के साथ मिलकर जश्न मनाया और इसे सत्य की जीत बताया।

सलखुआ, एक संवाददाता। सलखुआ प्रखंड के उप-प्रमुख बाबूलाल यादव के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव बुधवार को विफल हो गया। प्रस्ताव पर चर्चा एवं मतदान के लिए बुलाई गई विशेष बैठक में एक भी पंचायत समिति सदस्य के उपस्थित नहीं होने से अविश्वास प्रस्ताव स्वतः गिर गया। इसके साथ ही उप-प्रमुख बाबूलाल यादव का पद सुरक्षित हो गया। निर्धारित समय पर बैठक की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए प्रेक्षक डीसीएलआर सीतू शर्मा, बीडीओ वीरेंद्र कुमार, आरओ सचिन आनंद सहित अन्य अधिकारी सदन में मौजूद रहे। अधिकारियों ने नियमानुसार एक घंटे तक पंचायत समिति सदस्यों का इंतजार किया, लेकिन कोई सदस्य बैठक में नहीं पहुंचा।
इसके बाद दोपहर 1 बजकर 5 मिनट पर बैठक समाप्त घोषित कर दी गई। बीडीओ वीरेंद्र कुमार ने बताया कि सदस्यों की अनुपस्थिति के कारण अविश्वास प्रस्ताव स्वतः गिर गया है। सूचना मिलते ही उप-प्रमुख के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने मिठाई बांटकर जश्न मनाया और आतिशबाजी की। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस बल भी तैनात रहा। उप-प्रमुख बाबूलाल यादव ने कहा कि सच्चाई की हमेशा जीत होती है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


