स्टेशन पर इलेक्ट्रिक वाहनों की मिलेगी चार्जिंग सुविधा
सहरसा के अमृत भारत स्टेशन पर वीडियो वॉल लगाया जाएगा, जिससे यात्रियों को ट्रेनों की जानकारी मिलेगी। इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग की सुविधा भी दी जाएगी। सीनियर डीसीएम ने अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया और शौचालय की रेट तालिका को सही तरीके से लगाने का निर्देश दिया।

सहरसा, निज प्रतिनिधि। सहरसा के अमृत भारत स्टेशन बिल्डिंग पर जहां वीडियो वॉल लगेगा। वहीं स्टेशन पर इलेक्ट्रिक व्हीकल(ईवी) चार्जिंग की सुविधा बहाल करने का भी विचार है। समस्तीपुर मंडल की सीनियर डीसीएम अनन्या स्मृति ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन बिल्डिंग पर ऐसी जगह वीडियो वॉल लगाया जाएगा, जिससे सर्कुलेटिंग एरिया में प्रवेश करते दूर से यात्रियों को ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान की जानकारी मिले। कौन सी प्लेटफार्म पर ट्रेन लगी है उससे यात्री अवगत हो सके। उन्होंने कहा कि सहरसा जैसे बड़े स्टेशन पर इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग की सुविधा देने का भी विचार है। जिसमें ईवी चार्जिंग प्वाइंट लगाकर इलेक्ट्रिक वाहनों के बैटरी की चार्ज करने की व्यवस्था की जाएगी।
यह सुविधा देने के लिए रेलवे मामूली शुल्क निर्धारित करेगी। बता दें कि इस तरह की नई व्यवस्था होने के बाद ई रिक्शा, बैटरी रिक्शा, कार, ऑटो सहित अन्य इलेक्ट्रिक वाहनों को चार्जिंग के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। बैटरी डिस्चार्ज होने के बाद रेलवे द्वारा निर्धारित मामूली शुल्क देकर चार्ज करा सकेंगे। इस व्यवस्था के तहत रेलवे सुविधा देने के साथ-साथ राजस्व अर्जित भी करेगी। सीनियर डीसीएम ने गुरुवार को अमृत भारत स्टेशन बिल्डिंग, टिकट काउंटर, पार्किंग, पे एंड यूज, स्टॉल, प्लेटफार्म सहित अन्य चीजों का निरीक्षण किया। निरीक्षण दौरान उनके साथ टीआई सुभाषचन्द्र झा, डीसीआई अमरेन्द्र कुमार लाल सहित अन्य थे। शौचालय की रेट तालिका पलटा रखा देख लगाई फटकार: सहरसा स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में रेट(किराया) तालिका नीचे पलटा रखा देख सीनियर डीसीएम ने ठेकेदार को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि रेट तालिका को सही तरीके से लगाकर रखें जिससे यात्रियों को स्प्ष्ट दिखाई दे। पार्किंग और शौचालय में रेलवे द्वारा निर्धारित दर से अधिक नहीं लेने का हिदायत भी दिया। वाटर बूथ को शिफ्ट करने का दिया निर्देश: सीनियर डीसीएम ने प्लेटफार्म 1 स्थित रिटायरिंग रूम सीढ़ी पास लगे वाटर बूथ को दूसरी जगह शिफ्ट करने का निर्देश दिया। वहीं लिफ्ट को भी चलाकर देखा कि यह कार्यरत है या नहीं। 31 मार्च तक पूरा करें रेल कोच रेस्टोरेंट निर्माण कार्य: सीनियर डीसीएम ने रेल कोच रेस्टोरेंट निर्माण कार्य का जायजा लेते इसे 31 मार्च तक पूरा करने का संवेदक को निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि रेल कोच रेस्टोरेंट 31 मार्च तक बनकर तैयार हो जाएगा। समस्तीपुर मंडल का यह पहला रेल कोच रेस्टोरेंट होगा। हॉल्ट पर टिकट चेकिंग पर जोर: स्टेशनों के अलावा हॉल्ट पर टिकट चेकिंग पर जोर दिया जा रहा है। सीनियर डीसीएम ने डीसीआई को नियमित रूप से हॉल्ट पर टिकट चेकिंग अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि हॉल्ट पर टिकट चेकिंग अभियान चलाने के बाद काउंटरों पर टिकट बिक्री बढ़ी है। दिसंबर 2025 से जनवरी 2026 तक सहरसा के कारु खिरहरी हॉल्ट पर 2800 टिकट कटे हैं। रेलवन ऐप से करें टिकट बुक: सीनियर डीसीएम ने यात्रियों से रेलवन ऐप से टिकट बुक करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि रेलवन ऐप के जरिए टिकट बुक करने पर आपको काउंटर या एटीवीएम पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। अपने मोबाइल पर रेलवन ऐप से टिकट बुक कर सकेंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




