दस किलो का ट्रांसमिशन मशीन, दो किलोवाट का एंटीना
सहरसा में दिवारी स्थित दूरदर्शन केंद्र में एफएम रेडियो प्रसारण शुरू करने की तैयारी अंतिम चरण में है। हालांकि, कम क्षमता के एंटीना के कारण प्रसारण दायरा 70 किलोमीटर से घटकर 15 किलोमीटर तक सीमित रहने की संभावना है। उच्च क्षमता के एंटीना की आपूर्ति में देरी के चलते यह स्थिति बनी है।

सहरसा। शहर के दिवारी स्थित दूरदर्शन केंद्र में एफएम रेडियो प्रसारण शुरू करने की तैयारी अंतिम चरण में पहुंच गई है। लंबे समय से प्रतीक्षित इस परियोजना को लेकर लोगों में उत्साह है, लेकिन कम क्षमता का एंटीना लगाए जाने के कारण इसका प्रसारण दायरा सीमित रहेगा। ट्रांसमीशन मशीन तो 10 किलोवाट की क्षमता का लगा है लेकिन लेकिन एंटीना दो किलोवाट क्षमता का है। ऐसे में इसका दायरा 70 किलोमीटर से घटकर 15 किलोमीटर तक रहने की संभावना है। बताया जा रहा है कि अब इस एफएम स्टेशन का लुत्फ दूसरे जिले तो दूर अपने जिले के लोग भी नहीं उठा सकेंगे।
जानकारी के अनुसार दिवारी स्थित दूरदर्शन केंद्र में एफएम प्रसारण के लिए लगभग दस किलो वजन का ट्रांसमिशन मशीन लगाया गया है। इसके साथ दो किलोवाट क्षमता का एंटीना स्थापित किया जा रहा है। तकनीकी रूप से देखा जाए तो यह क्षमता अपेक्षाकृत कम मानी जाती है। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि यहां दस किलोवाट क्षमता का एंटीना लगाया जाता तो एफएम का प्रसारण दायरा काफी बड़ा होता और इसका लाभ केवल सहरसा जिले तक सीमित नहीं रहता, बल्कि आसपास के कई जिलों तक इसकी पहुंच हो सकती थी। तकनीकी जानकारों के अनुसार दस किलोवाट क्षमता का एंटीना लगाने पर सहरसा के अलावा मधेपुरा, सुपौल, खगड़िया, बेगूसराय और दरभंगा जिले के लोग भी एफएम प्रसारण सुन सकते थे। इन जिलों में भी बड़ी संख्या में ऐसे श्रोता हैं जो स्थानीय खबरें, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सरकारी योजनाओं की जानकारी और मनोरंजन कार्यक्रम सुनने के लिए एफएम रेडियो का इंतजार कर रहे हैं। लेकिन फिलहाल कम क्षमता के एंटीना लगाए जाने से इसका प्रसारण मुख्य रूप से सहरसा शहर और आसपास के सीमित क्षेत्रों तक ही सिमट कर रह सकता है।सूत्रों के अनुसार मूल योजना के तहत यहां अधिक क्षमता वाला एंटीना लगाने का प्रस्ताव था। इसके लिए संबंधित विभाग की ओर से व्यवस्था भी की जा रही थी, लेकिन निर्धारित क्षमता का एंटीना समय पर उपलब्ध नहीं हो सका। एंटीना की सप्लाई में देरी होने के कारण परियोजना के शुरू होने में और विलंब की आशंका बढ़ गई थी। ऐसे में अधिकारियों ने निर्णय लिया कि जब तक उच्च क्षमता का एंटीना उपलब्ध नहीं हो जाता, तब तक वैकल्पिक व्यवस्था के तहत कम क्षमता के एंटीना के साथ ही एफएम प्रसारण शुरू किया जाए। इसी निर्णय के तहत पूर्णिया से दो किलोवाट क्षमता का एंटीना मंगाया गया है। इस एंटीना को दिवारी स्थित दूरदर्शन केंद्र में स्थापित किया जा रहा है। तकनीकी टीम द्वारा एंटीना और अन्य उपकरणों की स्थापना का कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है।दूरदर्शन केंद्र के अधिकारियों के अनुसार यदि सब कुछ निर्धारित योजना के अनुसार चलता रहा तो मार्च के अंतिम सप्ताह तक या अप्रैल के पहले सप्ताह में एफएम प्रसारण शुरू होने की संभावना है। इसके लिए तकनीकी टीम लगातार काम कर रही है। उपकरणों की स्थापना, कनेक्टिविटी और ट्रायल प्रसारण जैसे कार्य चरणबद्ध तरीके से पूरे किए जा रहे हैं।सौ वाट की क्षमता से हो रहा प्रसारण: दिवारी स्थित दूरदर्शन केन्द्र से सौ वाट की क्षमता का प्रसारण हो रहा है। पुराने सिस्टम होने के कारण लोगों को रेडियो पर प्रसारण तो सुनाई दे रहा है लेकिन नेट कनेक्टिविटी नहीं होने के कारण मोबाइल पर यह सुविधा उपलब्ध नहीं हो रही है।कनाडा से मंगाई है ट्रांसमिशन मशीन: दस किलोवाट की ट्रांसमिशन मशीन कनाडा से मंगाई गई है। इसका दिवारी स्थित केन्द्र पर इंस्टालेशन भी किया गया है। एंटीना अभी निर्धारित क्षमता की उपलब्ध नहीं है। हालांकि प्रसार भारती के अधिकारियों का कहना है कि उच्च क्षमता का एंटीना उपलब्ध होते ही इसे बदल दिया जाएगा। इस एफएम स्टेशन के निर्माण में साढ़े आठ करोड़ से अधिक राशि खर्च की गई है।कहते अधिकारीदिवारी स्थित एफएम रेडियो स्टेशन का काम अंतिम चरण में है। मार्च अंत या अप्रैल के पहले सप्ताह में एफएम रेडियो स्टेशन चालू हो जाएगा। एंटीना उपलब्ध होते ही उच्च क्षमता का एंटीना लगाया जाएगा।एच डी सिडाम, डीडीजी एआईआर
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


