सुलिन्दाबाद में शिफ्ट होगी शहर की सब्जी मंडी

Jan 12, 2026 12:57 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, सहरसा
share Share
Follow Us on

सहरसा में सब्जी मंडी को शिफ्ट किया जाएगा। इसके लिए सुलिन्दाबाद में 10 कट्ठा जमीन चिन्हित की गई है। डीएम दीपेश कुमार के निर्देश पर कहरा सीओ ने मापी कराई है। मंडी के शहर से दूर होने से सब्जियों की कीमत बढ़ने की संभावना है। प्रशासन को चाहिए कि शहर के नजदीक कोई वैकल्पिक जगह चिन्हित की जाए।

सुलिन्दाबाद में शिफ्ट होगी शहर की सब्जी मंडी

सहरसा, गुलशन कुमार। सुलिन्दाबाद में शहर के शंकर चौक समीप स्थित सब्जी मंडी शिफ्ट होगी। सब्जी मंडी के लिए दस कट्ठा जमीन सुलिन्दाबाद मौजा में सहरसा-सोनवर्षा कचहरी मार्ग में देखी गई है। डीएम दीपेश कुमार के निर्देश पर कहरा सीओ सौरव कुमार ने सब्जी मंडी के लिए सुलिन्दाबाद मौजा में जमीन चिन्हित किया है। वहीं जमीन की मापी भी अपनी मौजूदगी में अमीनों से कराई है। हालांकि, सब्जी मंडी के लिए दस कट्ठा की जमीन जहां चिन्हित किया गया है, वह शहर से दो किमी से अधिक दूरी पर होगी। बता दें कि अभी शहर में ओवरब्रिज निर्माण कार्य चल रहा है।

जिसके पाइलिंग का काम शहर के महावीर चौक, धर्मशाला रोड में भी होना है। उधर की सड़क पर कार्य के कारण आवागमन व्यवस्था बाधित होने के बाद सब्जी मंडी का वैकल्पिक मार्ग के रूप में उपयोग किया जाएगा। ट्रैफिक बढ़ेगी तो सड़क चौड़ी मिलनी चाहिए जिससे आवागमन सुलभ व सुगम तरीके से हो। इस कारण प्रशासन सब्जी मंडी को खाली कराकर सुलिन्दाबाद में चिन्हित की गई 10 कट्ठा की जमीन पर सब्जी मंडी को शिफ्ट कर देगी। सब्जी मंडी खाली होने के बाद आवागमन सुगम तरीके से हो सकेगा। बता दें कि सब्जी मंडी होकर रेलवे स्टेशन जाने का भी मार्ग है। जिस कारण उधर से दिन रात रेल यात्रियों की भी आवाजाही होती है। सब्जी मंडी की सड़क का चौड़ीकरण करते रेलवे भी यात्रियों के लिए सुलभ आवागमन व्यवस्था करना चाहती है। इसे लेकर रेलवे की तरफ से सब्जी मंडी खाली करने का अंतिम अल्टीमेटम तक दिया जा चुका है। वैसे भी सब्जी मंडी की आड़ में अतिक्रमण कर इस मार्ग को अस्त व्यस्त कर रखा जाता है। प्रशासन के रहने तक व्यवस्था ठीक रहती फिर अतिक्रमण की जद में पूरा मंडी आ जाता है। मंडी खाली होगा तो आवागमन सुलभ होगा ही, अतिक्रमण भी नहीं दिखेगा। कहरा सीओ सौरव कुमार ने कहा कि सब्जी मंडी को तत्काल शिफ्ट करने के लिए सुलिन्दाबाद में दस कट्ठा का जमीन चिन्हित करते मापी करा लिया गया है। शहर से दूर होगी मंडी तो सब्जी कीमत को लगेगा आग: शहर से दूर सब्जी मंडी होगा तो सब्जियों की कीमत को आग लगेगा। खुदरे सब्जी विक्रेता मनमाना कीमत वसूल करेंगे। प्रशासन को चाहिए कि शहर से नजदीक में किसी जगह को सब्जी मंडी के लिए चिन्हित करें। बाजार समिति निर्माण के लिए दिवारी में खोजी जा रही जमीन: बाजार समिति निर्माण के लिए दिवारी में जमीन देखी जा रही है। सीओ ने कहा कि बाजार समिति निर्माण के लिए दिवारी में जमीन देखी जा रही है। जहां एक ही छत के नीचे सब्जी मंडी की बाजार व्यवस्थित की जाएगी। इसके लिए 20 एकड़ भूमि उपलब्ध होते ही जिला को इसकी सूचना दी जाएगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।