टूटी सुरक्षा दीवार से खतरे में 526 बच्चों की जान
नगर पंचायत नवहट्टा के उत्क्रमित मध्य विद्यालय की सुरक्षा दीवार कई वर्षों से क्षतिग्रस्त है, जिससे 526 बच्चों की सुरक्षा पर खतरा है। तालाब के निकटता से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। हेडमास्टर ने अधिकारियों को समस्या के बारे में बताया है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। प्रशासन सुरक्षा दीवार का निर्माण शुरू करने का आश्वासन दिया है।

नवहट्टा, एक संवाददाता। नगर पंचायत नवहट्टा स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय नवहट्टा की सुरक्षा दीवार पिछले कई वर्षों से क्षतिग्रस्त पड़ी है, जिससे विद्यालय में पढ़ने वाले 526 से अधिक बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। विद्यालय परिसर के किनारे स्थित तालाब तक बच्चों के आसानी से पहुंच जाने के कारण किसी भी समय दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। विद्यालय के हेडमास्टर वंदे लाल पासवान ने बताया कि इस गंभीर समस्या को लेकर उन्होंने कई बार विभागीय अधिकारियों और स्थानीय थाना प्रभारी को पत्र लिखकर अवगत कराया है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
पठन-पाठन के दौरान शिक्षक लगातार बच्चों पर निगरानी रखने को मजबूर हैं, जिससे शिक्षण कार्य भी प्रभावित हो रहा है। विद्यालय बंद होने के बाद स्थिति और चिंताजनक हो जाती है। परिसर में अवांछित तत्वों और नशेड़ियों का जमावड़ा लग जाता है। कुछ वर्ष पहले इसी परिसर में एक युवती की हत्या का मामला भी सामने आया था, जिससे स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। इस संबंध में बीईओ आशीष कुमार ने कहा कि छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा दीवार के निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। हालांकि, अब देखना यह है कि प्रशासन कब तक इस दिशा में ठोस कदम उठाता है और बच्चों को सुरक्षित माहौल मिल पाता है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


